शहर

Maharashtra Weather: महाराष्ट्र में बरस रही 'आग'; मुंबई में उमस और विदर्भ में लू का कहर, आज 11 जिलों में भीषण अलर्ट

Maharashtra Weather Update 13 May: महाराष्ट्र में भीषण लू का प्रकोप जारी है। अकोला और नंदुरबार में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने पुणे, मराठवाड़ा समेत कई जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है।

Image

अगले 5 दिनों तक कोई राहत नहीं

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश के बाद अब सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। राज्य में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है और नागरिकों के लिए अगले कुछ दिन काफी चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने स्पष्ट किया है कि अगले 5 दिनों तक राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे गर्मी का असर और अधिक बढ़ेगा।

अकोला और नंदुरबार रहे सबसे गर्म (Akola Nandurbar Weather Update)

राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस की दहलीज को पार कर गया है। अकोला और नंदुरबार जिले वर्तमान में सबसे गर्म क्षेत्र बनकर उभरे हैं, जहां अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा, अकोला में तापमान के कुछ आंकड़ों ने 45.6 डिग्री तक को छुआ है। नासिक के निफाड और मालेगांव जैसे क्षेत्रों में भी पारा 43 डिग्री के ऊपर बना हुआ है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

अगले 3 दिनों के लिए 'येलो अलर्ट' (Heatwave IMD Alert For Maharashtra)

पुणे मौसम विभाग के अनुसार, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा में लू (Heat Wave) की तीव्रता अधिक रहेगी। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए जिलावार पीली चेतावनी (Yellow Alert) जारी की है। 13 मई यानी आज धुले, नंदुरबार, जलगांव, नासिक, अहिल्यानगर, पुणे, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, परभणी, अकोला और अमरावती में लू का येलो अलर्ट है। 14 मई (गुरुवार) को पुणे, अहिल्यानगर, जलगांव, छत्रपति संभाजीनगर, बीड, जालना, परभणी, हिंगोली, नांदेड़, अकोला, अमरावती और वर्धा। 15 मई (शुक्रवार) को मराठवाड़ा के अधिकांश जिलों सहित विदर्भ के अकोला, अमरावती और वर्धा में लू जारी रहेगी।

कोंकण और मुंबई में उमस भरी गर्मी (Konkan Mumbai IMD Alert)

मुंबई और तटीय कोंकण क्षेत्र (ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी) के लिए राहत की बात यह है कि यहां लू नहीं चलेगी, लेकिन हवा में नमी (Humidity) के कारण 'उमस भरी गर्मी' नागरिकों को बेहाल करेगी। उमस के कारण सांस लेने में तकलीफ और अत्यधिक पसीना आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

पुणे, मराठवाड़ा में चलेगी लू (Pune Marathwada Heatwave Alert)

पश्चिमी महाराष्ट्र की बात करें तो पुणे और सोलापुर में तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। वहीं उत्तरी महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में धुले, जलगांव और छत्रपति संभाजीनगर जैसे क्षेत्रों में शुष्क और गर्म हवाएं दोपहर के वक्त घर से बाहर निकलना मुश्किल कर देंगी। येलो अलर्ट भी जारी है।

स्वास्थ्य विभाग की सलाह और दिशानिर्देश (IMD Advisory)

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण गाइडलाइन्स जारी की हैं। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने दें, बार-बार पानी पिएं। बाहर जाते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर को टोपी या छाते से ढककर रखें। बच्चे, बुजुर्ग और बीमार व्यक्ति सीधी धूप के संपर्क में आने से बचें।

AI तकनीक से मौसम का सटीक पूर्वानुमान

बदलती जलवायु परिस्थितियों को देखते हुए केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने AI आधारित दो नई प्रणालियां शुरू की हैं। इसमें से एक प्रणाली मानसून के आगमन की भविष्यवाणी करेगी और दूसरी प्रणाली वर्षा के सटीक पूर्वानुमान में मदद करेगी, जिसका परीक्षण फिलहाल उत्तर प्रदेश में किया जा रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article