Uttarakhand Train Accident: उत्तराखंड के ऋषिकेश में सोमवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास शंटिंग के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस डिरेल हो गई। ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसमें एक कोच बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात ये रही कि हादसे के दौरान ट्रेन खाली थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
शंटिंग के दौरान हुआ ट्रेन हादसा
यह हादसा खांड गांव के नजदीक रात के करीब 9:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, उज्जैनी एक्सप्रेस को मंगलवार की यात्रा के लिए यार्ड में एक ट्रैक से दूसरे ट्रैक पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज झटका लगा और देखते ही देखते ट्रेन के कुछ कोच पटरी से उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर रेलवे अधिकारी, इंजीनियर, स्थानीय पुलिस, जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल की टीमें तुरंत पहुंचीं। जिसके बाद रातभर पटरी से उतरे कोच को दोबारा ट्रैक पर लाने और क्षतिग्रस्त डिब्बों की मरम्मत का काम चलता रहा।
लोको पायलट की लापरवाही की आशंका
उज्जैनी एक्सप्रेस योग नगरी रेलवे स्टेशन से संचालित होती है। जीआरपी की पुलिस अधीक्षक अरुणा भारती के अनुसार, ट्रेन का लोको पायलट शंटिंग प्रक्रिया में जुटा था, तभी यह हादसा हो गया। फिलहाल हादसे के कारणों की हर एंगल से जांच की जा रही है। हालांकि शुरुआती स्तर पर लोको पायलट की ओर से लापरवाही बरतने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन रेलवे की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस हादसे से किसी अन्य रेल सेवा पर प्रभाव नहीं पड़ा है, सभी ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है।
