महाराष्ट्र में निकाय चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। जिसके लिए उद्धव ठाकरे शिवसेना (यूबीटी)और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) एक साथ आएंगी। इस बाबत दोनों के गठबंधन की घोषणा अगले सप्ताह हो सकती है। दोनों दलों के नेताओं ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुंबई को छोड़कर सभी निकायों के लिए दोनों के बीच सीट बंटवारा लगभग पूरा हो चुका है।
बता दें कि महाराष्ट्र के 29 नगर निकायों के लिए 15 जनवरी को चुनाव होना है। वहीं, मतों की गिनती अगले दिन होगी। इस चुनाव में शिवसेना (यूबीटी) और मनसे मुंबई,ठाणे,मीरा-भायंदर,कल्याण-डोम्बिवली,पिंपरी-चिंचवड,पुणे और नासिक सहित अन्य नगर निकायों के चुनावों के लिए गठबंधन करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख हैं,जबकि कभी उनसे अलग रहे उनके चचेरे भाई राज ठाकरे मनसे के अध्यक्ष हैं।
मनसे के एक नेता ने कहा कि मुंबई को छोड़कर सभी नगर निकायों के लिए बातचीत पूरी हो चुकी है। मुख्य मुद्दा मराठी बहुल क्षेत्रों में हमारी मांग वाली सीटों को लेकर है। शिवसेना (यूबीटी)अभी तक इस पर सहमत नहीं हुई है। इसके कारण सीट बंटवारे में देरी हो रही है। चूंकि अगले सप्ताह (23 दिसंबर से 30 दिसंबर)से नामांकन दाखिल करना शुरू हो जाएगा, ऐसे में यह बातजीत जल्द पूरी हो जाएगी।
मनसे नेता और पूर्व विधायक नितिन सरदेसाई ने पत्रकारों से कहा कि यह कहना उचित होगा कि बातचीत अंतिम चरण में है,लेकिन यह कहना मुश्किल है कि इसकी आधिकारिक घोषणा कब होगी। मैं केवल इतना कह सकता हूं कि सभी पक्ष बातचीत को पूरा करने के लिए प्रयासरत हैं और इस दिशा में काम कर रहे हैं।
इस बीच, शिवसेना (यूबीटी)के नेता अनिल परब ने राज ठाकरे से मुलाकात कर सीट बंटवारे पर चर्चा की। इस संबंध में शिवसेना के एक नेता ने कहा कि बातचीत अंतिम चरण में है और सीट बंटवारे के समझौते में कोई बाधा नहीं है। उम्मीद है कि दोनों भाई सोमवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में या प्रेसवार्ता के माध्यम से दोनों दलों के बीच गठबंधन की आधिकारिक घोषणा करेंगे, जिससे नगर निकाय चुनावों का माहौल तय होगा।
