शहर

शादी की खुशियां मातम में बदलीं; एटा में बेकाबू कार गड्ढे में गिरी, 3 की दर्दनाक मौत

एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने खुशियों से भरे सफर को मातम में बदल दिया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे पांच लोगों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Image

एटा में तेज रफ्तार कार गड्ढे में गिरी (सांकेतिक फोटो)

Etah Road Accident: एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, पांच लोग एक प्राइवेट ऐप-आधारित टैक्सी से गुरुग्राम (हरियाणा) से मैनपुरी जिले के कुरावली क्षेत्र स्थित गांव गनेसपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सकीट रोड पर गांव बावली नहर के पास एक तीखे मोड़ पर कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। तेज रफ्तार के कारण कार सड़क से फिसलकर नीचे उतर गई और पहले एक पेड़ से टकराई, इसके बाद करीब तीन बार पलटते हुए लगभग 15 फुट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

15 मिनट तक गाड़ी के अंदर ही फंसे रहे

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद कार में बैठे लोग लगभग 15 मिनट तक गाड़ी के अंदर ही फंसे रहे। उनकी चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मेहनत के बाद कार का दरवाजा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। मलावन थाने के प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि इस हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में इलाज के लिए भेजा गया है।

3 की मौत, दो अन्य घायल

प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मैनपुरी जिले के रहने वाले शिवम यादव (21), सुनील यादव (23) और मनकी (19) के रूप में हुई है। वहीं इस दुर्घटना में राहुल (28) और खुशबू (22) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में क्या आया सामने?

एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। घटना से संबंधित कुछ वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें दुर्घटना की भयावह तस्वीर दिखाई देती है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन की तेज रफ्तार के चलते चालक खतरनाक मोड़ पर संतुलन खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।

हरदोई में हुआ सड़क हादसा

इसी बीच, हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र में भी एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मोटरसाइकिल सवार भाई-बहन सहित तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस के मुताबिक, फतियापुर गांव निवासी आदर्श अवस्थी (20) अपनी बहन मधु अवस्थी (23) और हरदोई के बावन चुंगी क्षेत्र की रहने वाली कामिनी पांडेय के साथ बाइक से हरदोई जा रहे थे। जब वे सुरसा क्षेत्र में फार्म पुरवा के पास ढोलिया चौराहे के निकट पहुंचे, तभी हरदोई की ओर से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article