शहर

Rajasthan: बांसवाड़ा में भीषण सड़क हादसा; बारातियों से भरी बस पलटी, 3 की मौत, 25 से ज्यादा घायल

बांसवाड़ा जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हुई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

Image

बांसवाड़ा में दर्दनाक बस हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Banswara Bus Accident: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बारातियों से भरी बस पलट गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह हादसा कलिंजरा थानाक्षेत्र में घोटिया आम्बा घाटी में उस समय हुआ जब बारात लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद कई यात्री बस के नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से बाहर निकाला गया।

घायल यात्रियों को पास के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बांसवाड़ा जिला अस्पताल और एमजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने पुष्टि की कि तीन लोग मौके पर ही अपनी जान गंवा चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव और एसपी सुधीर जोशी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। कलेक्टर ने अस्पताल प्रशासन को अलर्ट रहने और घायलों को त्वरित और उचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बारात में दो बसें थीं शामिल

जानकारी के अनुसार, दूल्हा चिमनलाल वारजी गरासिया की बारात शामली के खेड़ा वडलीपाड़ा से वापस सनलई गांव लौट रही थी। बारात में दो बसें शामिल थीं। शाम करीब 6:30 बजे घोटिया आम्बा के पास एक खतरनाक ढलान पर पीछे वाली बस का ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई। दूसरी बस सुरक्षित रही, लेकिन यही बस हादसे का शिकार बनी।

दूल्हा-दुल्हन रहे सुरक्षित

हादसे के तुरंत बाद वहां अफरातफरी मच गई। बस में कई बच्चे और महिलाएं भी सवार थीं। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को निजी वाहनों तथा एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। इस दुखद हादसे में तीन लोगों की मौत हुई, जिनकी पहचान टीटा सोखा डोडियार, दलू भूरा दामा और कमला गरासिया के रूप में हुई। दूल्हा-दुल्हन एक कार में सवार थे, इसलिए वे पूरी तरह सुरक्षित रहे।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें