शहर

Kushinagar: फिर बना पानी से भरा गड्ढा काल! खेलते-खेलते डूबे तीन मासूम, कसया में पसरा मातम

कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने वाले परिवारों के ये बच्चे खेलते-खेलते पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, जबकि प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

Image

कुशीनगर के कसया में दर्दनाक हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Kushinagar Children Drowning Incident: कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र स्थित मैनपुर ग्रामसभा के दिनापट्टी गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पंकज ईंट उद्योग भट्ठे के पास घर के बाहर खेल रहे तीन मासूम बच्चे अचानक नजदीक बने तालाब में गिर गए। तालाब में डूबने से तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं। एक साथ तीन मासूमों की मौत से पूरे गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है।

परिवार में पसरा मातम

तीनों बच्चों की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में भी हलचल मच गई। मौके पर अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। वहीं, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

खेलते-खेलते हुए पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंचे

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कसया थाना क्षेत्र के मैनपुर दीनपट्टी स्थित पंकज ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों के बच्चे खेलते हुए पानी से भरे गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए। मिट्टी खनन के चलते वहां गहरा गड्ढा बन गया था, जिसमें फिसलकर तीनों बच्चे डूब गए। इस हादसे में दो मासूम बच्चियों समेत तीन बच्चों की जान चली गई। मृतकों की पहचान ढाई साल की अनुष्का, तीन वर्षीय अभय पटेल और सात वर्षीय अनन्या के रूप में हुई है।

हर संभव मदद देने का आश्वासन

हादसे में जान गंवाने वाले सभी बच्चे मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-जांजगीर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनके माता-पिता कुशीनगर के पंकज ईंट उद्योग भट्ठे पर मजदूरी का काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही कसया पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, एडीएम वैभव मिश्र और एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article