Delhi News: उत्तरी दिल्ली के शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी से 23 लाख रुपये की लूट मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को इस संबंध में जानकारी दी। जानकारी के अनुसार, इस लूट की घटना की योजना कंपनी के किसी कर्मचारी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर बनाई गई थी।
कब हुई लूट की वारदात?
पुलिस के अनुसार, 23 फरवरी को कुलदीप शर्मा (28) केशवपुरम से नकदी लेकर किशनगंज स्थित अपने कार्यालय लौट रहे थे। तभी शाम करीब 7:40 बजे शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया, उन पर बंदूक तान दी और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि दोनों लुटेरे शुरू से ही शर्मा का पीछा कर रहे थे, जबकि तीसरा साथी बीच रास्ते में अलग हो गया। उसकी पहचान राजस्थान निवासी कालाराम के रूप में हुई है, जो अभी भी पुलिस की तलाश में है।
9 मार्च और 19 मार्च को हुई गिरफ्तारी
बताया जा रहा है कि, पुलिस ने 9 मार्च को भलस्वा डेरी से 31 वर्षीय मोनू को गिरफ्तार किया, जिसके पास से एक पिस्तौल, एक कारतूस और 3.95 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "मोनू और फरार आरोपी ने मिलकर लूट की साजिश बनाई थी। मोनू ने ही वारदात में इस्तेमाल होने वाला हथियार और मोटरसाइकिल भी उपलब्ध कराई थी।" इसके बाद, मोनू की निशानदेही पर पुलिस ने 19 मार्च को मंगोलपुरी से 39 वर्षीय संदीप को भी गिरफ्तार किया, जो उस समय बाइक चला रहा था। उसके कब्जे से लूट की रकम में से पांच लाख रुपये जब्त किए गए।
कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं आरोपी
इसके अलावा, आरोपियों की जानकारी पर पुलिस ने 30 वर्षीय सागर को भी गिरफ्तार किया, जिसके पास से सात लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, अब तक कुल 15.95 लाख रुपये जब्त किए जा चुके हैं। फरार आरोपी को पकड़ने और बाकी रकम बरामद करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं।
(इनपुट - भाषा)
