शहर

Telangana: मेडचल में ISI लिंक का शक, होटल कर्मचारी के मोबाइल से मिले चौंकाने वाले सबूत; गिरफ्तार

मेडचल में एक होटल कर्मचारी को ISI समर्थित समूह से संपर्क करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल फोन से चैट, स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्ड मिले हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Image

मेडचल में होटल कर्मचारी ISI से संपर्क के आरोप में गिरफ्तार

Photo : ANI

तेलंगाना के मेडचल से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक होटल कर्मचारी को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक समूह से संपर्क करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान जायद खान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला है। वह मेडचल-मल्काजगिरी जिले के मेडचल थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल में काम करता था।

मोबाइल फोन में पुलिस को मिले अहम सबूत

पुलिस के अनुसार, जायद खान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कथित रूप से इस ग्रुप के संपर्क में आने की कोशिश कर रहा था। वह ग्रुप में में शामिल होने की इच्छा भी जाहिर कर रहा था। उसे होटल से गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से कई अहम सबूत मिले हैं, जिनमें मैसेज, स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से दो नकली पिस्टल भी बरामद की हैं।

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी डिजिटल और भौतिक सबूतों को जांच में शामिल कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से संदिग्ध ग्रुप से संपर्क स्थापित करने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गहनता से जांच कर रही हैं।

कोलकाता निवासी युवक जासूसी के आरोप में गिरफ्तार

इसी बीच एक अलग मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पाकिस्तान समर्थित जासूसी गतिविधियों में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान कोलकाता निवासी जफर रियाज उर्फ रिजवी के रूप में हुई है। वह लंबे समय से सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान खुफिया अधिकारियों तक पहुंचाने के आरोप में वांछित था।

NIA के अनुसार, आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था। उसे पहले भी एक जासूसी मामले में दोषी ठहराया जा चुका है। जांच एजेंसी ने बताया कि वह 2005 से भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार यात्रा करता रहा है और उसके पारिवारिक संबंध भी पाकिस्तान से जुड़े हैं। जांच एजेंसिया दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article