Faridabad Neemka Jail Murder: हरियाणा के फरीदाबाद की नीमका जेल में बंद 20 साल के आतंकी संदिग्ध अब्दुल रहमान की रविवार (8 फरवरी, 2026) रात को जेल के अंदर ही दूसरे कैदी अरुण चौधरी ने हत्या कर दी। रहमान को मार्च 2025 में गुजरात एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) और हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जॉइंट ऑपरेशन में फरीदाबाद के पाली गांव से गिरफ्तार किया गया था। उस पर अयोध्या में राम मंदिर पर हमले की साजिश रचने और दो हैंड ग्रेनेड रखने का आरोप है।
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि चौधरी ने रहमान पर एक धारदार पत्थर जैसी चीज से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह मामला सोमवार (9 फरवरी) को सुबह करीब 2 बजे सामने आया। यशपाल ने बताया कि अरुण चौधरी पर फिलहाल जम्मू और अमृतसर में आठ मामलों में हत्या और हत्या की कोशिश के आरोप हैं। उसे अक्टूबर 2024 में कठुआ से नीमका शिफ्ट किया गया था। बाकी उन्होंने कहा कि मामले में जांच की जा रही है।
TOI की रिपोर्ट में बताया गया कि रहमान की रविवार रात करीब 8 बजे फरीदाबाद जिला जेल के अंदर एक धारदार चीज से हमला करके हत्या कर दी गई। जेल अधिकारियों ने बताया कि चौधरी ने रहमान के सिर पर धारदार चीज से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रहमान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।
कौन था रहमान?
उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले के मिल्कीपुर का रहने वाला रहमान 2 मार्च, 2025 को गुजरात ATS और हरियाणा STF के संयुक्त ऑपरेशन के दौरान फरीदाबाद के पाली गांव से गिरफ्तार किया गया था। जांचकर्ताओं ने बताया था कि रहमान फरीदाबाद में एक फर्जी पहचान के साथ रह रहा था और ऑटो-रिक्शा ड्राइवर और एक छोटी सी खाने की दुकान पर काम करके स्थानीय समुदाय में घुलमिल गया था।
