Uttar Pradesh Hailstorm News: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जालौन में जहां तेज ओलावृष्टि देखी गई, वहीं मुजफ्फरनगर में भी मौसम ने कहर बरपाया, जहां आसमान से भारी मात्रा में ओले गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह बेमौसम ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि देखते ही देखते खेत और सड़कें सफेद चादर से ढक गईं। भोपा थाना क्षेत्र के मजलिसपुर तोफिर गांव में हुई इस घटना का ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। इस अचानक हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है।
बुलंदशहर में भी ओलावृष्टि ने बिगाड़े हालात
इसी के साथ, बुलंदशहर के शिकारपुर क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने हालात बिगाड़ दिए हैं। इस अचानक बदले मौसम से किसानों के चेहरे पर चिंता साफ दिखाई दे रही है, क्योंकि बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है। वर्तमान में किसान आलू की खुदाई और गेहूं की कटाई में जुटे हुए हैं, लेकिन तेज हवाओं और बारिश के कारण गेहूं की फसल खेतों में गिर गई है। वहीं लगातार नमी के चलते आलू के सड़ने का खतरा भी बढ़ गया है। शिकारपुर क्षेत्र में जारी यह मौसम किसानों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है।
सीएम योगी ने दिए अधिकारियों को निर्देश
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लगातार हो रही बारिश से प्रभावित किसानों तक तुरंत पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रदेश के कई जिलों में हुई बेमौसम बारिश से किसानों को हो रही दिक्कतों को लेकर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में आपदा का असर किसानों पर कम से कम रखा जाए।
साथ ही जनहानि, पशुहानि और घायलों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही को सख्ती से निपटाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश देते हुए कहा कि बारिश से खराब हुई फसलों का सही आकलन किया जाए और पूरी जानकारी जुटाई जाए, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। उन्होंने राजस्व और कृषि विभाग के साथ-साथ बीमा कंपनियों को मिलकर संयुक्त सर्वे करने के निर्देश दिए हैं, जिससे जल्द रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को सौंपी जा सके और मुआवजा देने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
