शहर

11 से 3 बजे तक बंद रहेंगी दिल्ली की दो सड़कें, इन रास्तों का करें इस्तेमाल; देखें कल का ट्रैफिक प्लान

दिल्ली यातायात पुलिस ने 28 मई से एक जून तक भारत मंडपम में होने वाले ’इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस समिट’ और ’इंडिया-अफ्रीका फोरम समिट’ से पहले आयोजित रिहर्सल के संबंध में एक परामर्श जारी किया है।

Image

20 मई दिल्ली पुलिस ट्रैफिक एडवाइजरी (फोटो-Istock)

दिल्ली : राजधानी के कई हिस्सों में बुधवार दोपहर को भी यातायात की गति धीमी हो सकती, क्योंकि भारत मंडपम में एक उच्च-स्तरीय शिखर सम्मेलन की रिहर्सल के लिए प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिसके कारण लंबे समय तक जाम लग सकता है, जैसा मंगलवार को देखने को मिला। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मध्य, उत्तर और दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों में दोपहर में 12 से तीन बजे के बीच भारी भीड़भाड़ रहने की एडवाइजरी जारी की गई है।

दरअसल, दिल्ली यातायात पुलिस ने 28 मई से एक जून तक भारत मंडपम में होने वाले ’इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस समिट’ और ’इंडिया-अफ्रीका फोरम समिट’ से पहले आयोजित रिहर्सल के संबंध में एक परामर्श जारी किया है। यात्रियों ने कई स्थानों पर लंबे समय तक यातायात जाम की शिकायत करने के लिए सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ का सहारा लिया।

बुधवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक भारत मंडपम में पूरी पोशाक में पूर्वाभ्यास किया जाएगा। ऐसे में कई रास्ते बंद किए जा सकते हैं। -

  • एसपी मार्ग और मथुरा रोड संभवतः बंद रहेंगे
  • रिंग रोड और वंदे मातरम मार्ग से जाएं
  • हवाई अड्डे के लिए: धौला कुआं से एनएच-8 खुला है
  • मेट्रो: सुप्रीम कोर्ट स्टेशन

दिल्ली पुलिस की सलाह है कि प्रतिबंधों को देखते हुए अपनी यात्रा 30 मिनट पहले शुरू करें और मैप्स ऐप का सहारा लें। किसी प्रकार की सहायता के लिए हेल्पलाइन: 1095, 01125844444 पर संपर्क कर सकते हैं।

मंगलवार को एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने रिज रोड के पास ’बम्पर-टू-बम्पर’ यातायात के दृश्य साझा करते हुए पोस्ट किया, "दिल्ली यातायात प्रबंधन में विश्वास नहीं करती। 19 मई को दोपहर 12.30 बजे की स्थिति - जाम में फंसा हुआ हूं। यात्री ने लिखा कि रिज रोड पर चौराहा हिंदू राव अस्पताल से बमुश्किल 20 मीटर की दूरी पर और मुख्यमंत्री एवं उपराज्यपाल के आवासों के नजदीक होने के बावजूद, "रोज यातायात अनुशासनहीनता देखने को मिलती है।

इसी तरह की शिकायतें तिलक मार्ग, मथुरा रोड, एसपी मार्ग और कनॉट प्लेस जैसे इलाकों से भी सामने आईं, जहां वाहन चालकों ने कहा कि रास्ता बदले जाने (डायवर्जन) के कारण कई सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। यातायात पुलिस ने उत्तर और दक्षिण दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राजघाट और सराय काले खां के रास्ते रिंग रोड का उपयोग करने की सलाह दी थी, जबकि पश्चिम और दक्षिण दिल्ली के बीच यात्रा करने वालों को धौला कुआं, मोती बाग और भीकाजी कामा प्लेस के माध्यम से रिंग रोड का उपयोग करने के लिए कहा था। हालांकि, हवाई अड्डा जाने वाले यात्रियों को एनएच-8 और धौला कुआं होते हुए गुड़गांव रोड से आवाजाही की अनुमति दी गई थी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article