शहर

Sonbhadra News: बैंक के असिस्टेंट मैनेजर का संदिग्ध हालत में मिला शव, 28 दिसंबर को होनी थी शादी

सोनभद्र में मंगलवार देर रात एक बैंक असिस्टेंट मैनेजर का शव होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला, जिससे हड़कंप मच गया। वाराणसी निवासी अब्बास कामकाज के सिलसिले में सोमवार को सोनभद्र पहुंचे थे और रॉबर्ट्सगंज स्थित होटल में ठहरे थे। मंगलवार सुबह से ही वह कमरे से बाहर नहीं निकले, जिसके बाद देर रात पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है।

Image

कमरे से सुसाइड नोट भी हुआ बरामद

Photo : Times Now Digital

Sonbhadra News: सोनभद्र में एक बैंक के असिस्टेंट मैनेजर का शव मंगलवार देर रात रॉबर्ट्सगंज स्थित एक होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना से बैंककर्मियों और परिजनों में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। खास बात यह है कि अब्बास की शादी 28 दिसंबर को तय थी।

सोमवार को पहुंचे थे सोनभद्र

पुलिस के अनुसार, वाराणसी के दालमंडी गोविंदपुरा निवासी अब्बास अहमद जैदी (33), पुत्र जफर अब्बास जैदी, मकबूल आलम रोड स्थित एक बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थे। सोमवार को वह बैंक से जुड़े काम के सिलसिले में सोनभद्र आए थे। इस दौरान उन्होंने कोतवाली क्षेत्र के परासी स्थित ब्रांच में जरूरी काम निपटाया और डिग्री कॉलेज परिसर में खाता खुलवाने को लेकर बातचीत की। इसके बाद वह रॉबर्ट्सगंज ब्रांच पहुंचे, जहां मैनेजर समेत अन्य कर्मियों से मुलाकात की।

सोमवार रात से ही नहीं खुला दरवाजा

बताया जा रहा है कि मंगलवार को उन्हें रॉबर्ट्सगंज ब्रांच का कामकाज देखना था। इसी बीच रिकवरी एजेंट के माध्यम से उन्हें सिविल लाइन स्थित एक होटल के कमरे नंबर 210 में ठहराया गया था। मंगलवार सुबह उनके कमरे में नाश्ता रखा गया, लेकिन इसके बाद वह बाहर नहीं निकले। शाम तक मंडल कार्यालय में उनकी कोई रिपोर्ट न पहुंचने पर तलाश शुरू की गई। जांच में सामने आया कि दोपहर 12 बजे के बाद से वह कमरे से बाहर नहीं निकले थे। देर शाम काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।

देर रात कमरे से मिला शव

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह की मौजूदगी में देर रात होटल के कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर अब्बास अहमद का शव काले रंग के मफलर से पंखे के सहारे लटका मिला। सूचना मिलते ही सीओ सिटी रणधीर मिश्रा मौके पर पहुंचे और बैंक कर्मियों से पूछताछ की। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें किसी लोन का जिक्र सामने आ रहा है।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया

सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया गया है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article