शहर

Madhya Pradesh News: अलीराजपुर में इंसानियत शर्मसार! विधवा के घर घुसे 6 हथियारबंद बदमाश, डकैती के बाद सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में एक विधवा महिला के घर में घुसकर हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता का आरोप है कि लूटपाट के दौरान उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म भी किया गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर विशेष टीमें गठित कर दी हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।

Image

घटना के बाद पीड़िता की हालत नाजुक

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Madhya Pradesh Alirajpur News: मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के बोरी थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब दो बजे कुछ हथियारबंद बदमाश एक विधवा महिला के घर का दरवाजा तोड़कर जबरन अंदर घुस गए। इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग छह बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की।

पूरे घर को किया तितर-बितर

आरोपियों ने महिला पर 8 किलोग्राम चांदी छिपाकर रखने का आरोप लगाया। डर के चलते महिला ने अपने पास मौजूद करीब एक किलोग्राम चांदी उन्हें सौंप दी, लेकिन बदमाश इससे संतुष्ट नहीं हुए और लगातार बाकी चांदी की मांग करते रहे। इसके बाद आरोपियों ने पूरे घर की तलाशी ली, सामान को बुरी तरह बिखेर दिया और चांदी की तलाश में घर के कई हिस्सों में खुदाई भी की।

महिला के शरीर गंभीर चोटें आईं

पीड़िता के अनुसार, जब बदमाशों को उनकी मनचाही चांदी नहीं मिली, तो उन्होंने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान महिला के साथ मारपीट भी की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल महिला को तत्काल बोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया।

आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदोरिया घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई और जांच में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदोरिया ने बताया कि मामले में डकैती, सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article