शहर

सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन में अचानक लगी आग, धू-धू कर जली बोगी, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर खड़ी सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन के एक कोच में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।

Image

सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन में लगी आग

Photo : Times Now Digital

सासाराम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 6 पर खड़ी सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन के एक कोच में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के बाद तुरंत दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका टल गई और स्थिति नियंत्रण में आ गई।

जलने की गंध और धुएं के गुबार से फैली दहशत

ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी और यात्री अपनी सीटों पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक कोच के अंदर से कुछ तेज जलने की गंध महसूस हुई। इससे पहले कि यात्री कुछ समझ पाते, देखते ही देखते पूरी बोगी के भीतर काला और दमघोंटू धुआं भरने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। लपटें देख यात्रियों के बीच जान बचाने की होड़ लग गई। भागादौड़ी के बीच लोग अपना सामान और बैग सीटों पर ही छोड़कर ट्रेन से कूदकर भागने लगे। स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों में भी इस मंजर को देखकर दहशत फैल गई।

RPF और दमकल विभाग का क्विक एक्शन

घटना की जानकारी तुरंत स्टेशन मास्टर और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी गई। सूचना मिलते ही RPF, GRP और स्थानीय दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सबसे पहले बोगी के भीतर फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित और तत्परता से बाहर निकाला गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेन की बोगी में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, समय रहते सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिए जाने के कारण इस हादसे में किसी भी यात्री के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। रेल अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, रेलवे ने इस मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि आग लगने की असल वजह का पता लगाया जा सके।

कल राजधानी एक्सप्रेस में लगी थी आग

बता दें कि कल मध्य प्रदेश के रतलाम से लगभग 110 किलोमीटर दूर त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोच में भीषण आग लग गई। घटना करीब 5:30 बजे लूणी-विक्रमगढ़ के बीच हुई, जब बी-1 कोच से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। थोड़ी ही देर में थर्ड एसी और एसएलआर कोच आग की लपटों में घिर गए, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसमान तक उठती लपटों ने आसपास के इलाके में भी हड़कंप पैदा कर दिया और दिल्ली-मंबई रेल मार्ग प्रभावित हो गया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article