Ranchi Traffic Update: जी-20 समिट शहर में होने वाला है। विदेशी मेहमानों की सुविधा के लिए एक मार्च से तीन मार्च तक कई प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक बिल्कुल सुगम रखने पर जोर दिया गया है। इसके तहत एयरपोर्ट से कडरू रोड और बिरसा चौक से हरमू रोड होते हुए कांके रोड तक सड़क पर ऑटो खड़ा नहीं किया जा सकेगा। इस अवधि में पहले से निर्धारित पार्किंग स्लॉट में ऑटो को मुख्य मार्ग के आसपास में खड़ा करने की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा इटकी रोड से रातू रोड पर न्यू मार्केट चौक तक आने वाली बसों की आवाजाही पर रोक रहेगी। बसों के न्यू मार्केट की तरफ एंट्री पर रोक लगाई गई है। इससे संबंधित निर्देश नगर निगम की ओर से जारी कर दिया गया है।
दरअसल, वीआईपी रूट पर तीन दिनों तक सुगम ट्रैफिक को लेकर कवायद चल रही है। इसके तहत निर्णय लिया गया है कि प्रत्येक प्रमुख पुलिस पोस्ट पर ट्रैफिक पुलिस कर्मी मुस्तैद होंगे। यह सभी वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाए रखेंगे। बता दें सुगम ट्रैफिक के लिए सड़क किनारे से बिजली के खंभे, पाइप, केबुल तार का रीला एवं अन्य बाधक चीजें हटवाई जा रहीं हैं।
