Mahashivratri in Ranchi: दो साल कोरोना संक्रमण के बाद इस साल धूमधाम से महाशिवरात्रि मनाई जा रही है। शहर की 10 जगहों से शिव बारात निकलेगी। पहाड़ी मंदिर समेत 10 जगहों से निकलने वाली शिव बारात में शिवलोक से लेकर झारखंड की संस्कृति तक की झलक दिखाई देगी। झांकी की शोभा बढ़ाने के लिए हरियाणा, पंजाब, दिल्ली से कलाकार आए हैं। कोलकाता की नृत्य मंडली और दुर्ग की प्रसिद्ध बैंड टीम बुलाई गई है। चुटिया से निकाली जाने वाली शिव बारात में इंदौर और कानपुर के प्रसिद्ध कालाकार प्रस्तुति देंगे।
शहर के हिनू स्थित महामृत्युंजन महादेव मंदिर शिवपुरी से शाम 4 बजे शिव बारात निकाली गई। बारात मंदिर से किलबर्न कॉलोनी, मेन रोड, हिनू चौक, इंदिरा पैलेस, पीएचईडी कॉलोनी, बिहारी मंडप होकर वापस शिवपुरी मंदिर पहुंचेगी। मोरहाबादी के ऐदलहातू से श्री शिव मंडल सेवा समिति द्वारा शिव बारात निकाली गई।
