Ranchi News: रांची में बिजली उपभोक्ताओं से 500 करोड़ रुपए से अधिक की राजस्व वसूली की जानी है। इसके लिए अब तेजी से स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। हर दिन 1000 मीटर लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अविनाश कुमार ने लक्ष्य दिया है। अधिकारी ने बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने की धीमी गति पर नाराजगी जताई। एजेंसी ने बताया था कि हर दिन 300 से 350 मीटर शहर में लगाए जा रहे हैं।
इस पर प्रबंध निदेशक ने जनवरी में हर दिन 1000 स्मार्ट लगाने के लिए कहा। यह भी राय दी कि एजेंसी कम से कम 150 से 175 टीमें रखकर काम कराए। कहा कि जिन उपभोक्ताओं का मीटर खराब है, प्राथमिकता के आधार पर एजेंसी पहले वहां स्मार्ट मीटर लगाए। जिन लोगों ने नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन कर रखा है, उनके यहां भी स्मार्ट मीटर लगाएं।
