Ranchi Best Market for Makar Sankranti Shopping: नए साल की दस्तक के साथ ही रांची में मकर संक्रांति को लेकर बाजार सज गया है। जगह-जगह तिलकुट, चिवड़ा, गुड़, गजक मिल रहे है। इनकी खुशबू से हर कोई दुकान की ओर खींचा आ रहा है। ठंड के मौसम में तिल काफी लाभदायक बताया जाता है, इसलिए भी लोग उसकी खूब खरीदारी करते हैं। ऐसे में आप कुछ खास जगहों से अच्छी खरीदारी कर सकते हैं। अगर, आपको तिलकुट लेना है तो आप अपर बाजार जा सकते हैं। यहां की दुकान का तिलकुट बहुत प्रसिद्ध है।
यहां के तिलकुट रांची एवं झारखंड से बाहर भी भेजे जाते हैं। यहां के खोवा तिलकुट की काफी मांग है। इस बाजार में अन्य दुकानें भी है जहां खोवा के अलावा, पिस्ता, बादाम, केशर वाले तिलकुट भी बिकते हैं। बिहार के गया एवं नवादा जिले के कारीगर इनको बनाते हैं।
इन बाजारों में भी है कई दुकान
शहर के मेन रोड, कोकर, लालपुर, रातू रोड, डोरंडा, पिस्का मोड़, कांके रोड, धुर्वा रोड पर मकर संक्रांति को लेकर जगह-जगह दुकानें खुल गईं हैं। अधिकतर दुकानें अस्थाई हैं। अपर बाजार के महावीर चौक के पास की दुकान से आप किफायती कीमत पर खरीदारी कर सकते हैं। यहां का तिलकुट, गजक काफी प्रसिद्ध है।
तिलकुट एवं अन्य चीजों के दाम
सामान्य तिलकुट 300 रुपए किलो, खोवा तिलकुट 500 रुपए, केसर तिलकुट 450-500 रुपए, बादाम तिलकुट 500 रुपए किलो बिक रहा है। इसके अतिरिक्त खोवा लाई मिठाई 400, तिल पापड़ी 280 रुपए, बादमा पट्टी 250 रुपए, अनरसा 300 रुपए बिक रहा है।
रांची से बाहर यहां से कर सकते हैं खरीदारी
रांची जिले के आसपास कई ऐसी जगह हैं, जहां बड़े स्तर पर मकर संक्रांति को लेकर बाजार सजता है। इनमें हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, डाल्टनगंज, लोहरदगा, बोकारो शामिल हैं। कुछ जगहों पर साप्ताहिक बाजार में बेहद कम दाम एवं अच्छी क्वालिटी के चिवड़ा मिल जाएंगे। यहां किसान ही अपना चिवड़ा और गुड़ बेचते हैं।
