Ranchi Best Market: ऊनी और पारंपरिक कपड़ों की खरीदारी के लिए रांची में पोताला मार्केट प्रसिद्ध है। ठंड को लेकर यह बाजार सज चुका है। यहां बाहर से आकर कारोबारी अपना स्टॉल लगाते हैं। यह साल में एक बार लगता है। बाजार के अधिकतर दुकानदार तिब्बत के रहने वाले हैं। ये सभी 1959 से यहां रह रहे हैं। व्यापारी बढ़ाने के लिए ये लोग हर साल ठंड के मौसम में रांची आ जाते हैं। यहां से होने वाली आय से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
इस साल यह बाजार शहर के लालपुर और हटिया क्षेत्र में लगाया गया है। इससे पहले कई साल तक कचहरी स्थित जयपाल सिंह स्टेडियम में बाजार लगता था। फिर दो साल से नगर निगम और जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने की वजह से वहां पर बाजार नहीं लग पा रहा है।
दुकानदारों को इस साल बेहतर कमाई की उम्मीद
दुकानदारों को उम्मीद है कि इस साल बेहतर कमाई होगी। दो साल कोरोना संक्रमण की वजह से बेहद कम कमाई हो रही थी। बेहतर आय की उम्मीद की वजह से इस बार यहां दुकानदारों की भी संख्या बढ़ी है। यहां के ऊनी कपड़े उचित दाम में बेहतर मिलते हैं। खास बात है कि यहां हर प्रोफाइल के लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचते हैं। कपड़ों में डिजाइन होने से लाखों लोग खरीदारी करते हैं।
रांची का फिरायलाल शॉपिंग सेंटर
राजधानी स्थित फिरायलाल शॉपिंग सेंटर बेहद लोकप्रिय है। यहां फैशन की ट्रेंडी चीजें बेहतर दाम पर मिलती हैं। ट्रेंडिंग कपड़े,चश्मा, पर्स और घड़ियां मिलती हैं। इसके अलावा पारंपरिक कपड़े, साड़ियां, सूट का भी लाजवाब कलेक्शन होता है। कनोडिया टेक्सटाइल कॉर्पोरेशन में उचित दाम पर आप बेहतरीन सूती प्रिंट चादर की खरीदारी कर सकते हैं। इसके अलावा डेली मार्केट एक अच्छा विकल्प है। यहां से आप इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स खरीद सकते हैं। सस्ते दाम पर फोन एवं अन्य गैजेट्स यहां से खरीद सकते हैं।
हर चीज की खरीदारी के लिए बेस्ट है अपर बाजार
रांची का अपर बाजार हर सामान की खरीदारी के लिए बेस्ट जगह है। यहां से आप गहने, कपड़े या अन्य सामान बेफिक्र होकर खरीद सकते हैं। रतू बाजार भी लोकप्रिय है। यहां से धार्मिक एवं पारंपरिक अवसर के लिए खरीदारी कर सकते हैं। गिफ्ट के लिए चुरुवाला चौक फेमस है। यहां से आप सॉफ्ट टॉयज, वॉल हैंगिंग, पेन स्टैंड, घड़ियां, ग्रीटिंग कार्ड्स खरीद सकते हैं।
