राँची

Mahashivratri in Ranchi: रांची के इन शिव मंदिरों से लोगों की गहरी आस्था, महाशिवरात्रि पर उमड़ती है भीड़

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 16, 2023, 03:05 PM IST

Ranchi News: महाशिवरात्रि को लेकर शिव भक्तों में काफी उत्साह है। सैकड़ों शिव भक्त हर साल अलग-अलग एवं प्रसिद्ध शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना करते हैं। रांची एवं आसपास के जिलों में कई प्राचीन शिव मंदिर हैं। यहां पूजा करने के लिए महाशिवरात्रि पर भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। महाशिवरात्रि के अलावा सावन महीने में इन मंदिरों में काफी भीड़ उमड़ती है।

Image

पहाड़ी मंदिर में 300 सीढ़ियां चढ़ने पर भगवान का होगा दर्शन

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • पहाड़ी शिव मंदिर में पूजा करने पर पूरी होती है मनोकामना
  • 3 हजार फीट की ऊंचाई पर है दलबा बाबा मंदिर
  • रामगढ़ स्थित मंदिर में भगवान शिव का खुद अभिषेक करती हैं मां गंगा


Famous Shiv Temple in Ranchi: इस साल रांची में महाशिवरात्रि काफी धूमधाम से मनाई जाएगी। शनिवार को महाशिवरात्रि पर रांची एवं आसपास के जिलों में शिव भक्तों का हुजूम उमड़ेगा। रांची स्थित टुंगरी पहाड़ी पर पहाड़ी मंदिर है। यह मंदिर 1905 में बना था। पालकोट के राजा ने यह मंदिर बनवाया था। पहाड़ी की ऊंचाई 300 फीट है। श्रद्धालु को शिवलिंग का दर्शन करने के लिए 469 सीढ़ियां चढ़नी होती है। शिव मंदिर के पास नाग देवता का भी मंदिर है। इस मंदिर में शिव भक्त पूजा-अर्चना करते हैं।

एनएच-33 पर रांची-जमशेदपुर मार्ग पर दलमा बाबा मंदिर है। यहां तीन हजार फीट की ऊंचाई पर भगवान शिव विराजमान हैं। यह मंदिर पश्चिम बंगाल से भी सटा हुआ है। इस वजह से बिहार, झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल से बहुत अधिक संख्या में शिव भक्त आते हैं। यह पहाड़ 193 वर्ग किलोमीटर में फैला है। पहाड़ पर गुफा में भगवान शिव का मंदिर है। श्रद्धालु भगवान शिव को दलबा बाबा के नाम से भी पुकारते हैं।

रामगढ़ में हैं चमत्कारी मंदिर

झारखंड के रामगढ़ में भगवान शिव का एक चमत्कारी मंदिर है। यह बेहद प्राचीन मंदिर है। यहां मां गंगा खुद भगवान शिव का जलाभिषेक करती हैं। दरअसल, शिवलिंग पर हर दिन खुद गंगा की लहर आती है। साहिबगंज जिले में बाबा गाजेश्वर नाथ धाम है। इस मंदिर को मिनी बाबा धाम के नाम से भी जाना जाता है। इसके अलावा यह मंदिर शिवगादी के नाम से भी प्रसिद्ध है।

रांची से 50 किलोमीटर दूर एक प्राचीन मंदिर

रांची शहर से 50 किलोमीटर दूर बुढ़मू के उमेडंडा में एक प्राचीन शिव मंदिर है। यह मंदिर सुर्खी चूने से बनाया गया है। नागवंशी राजा ने मंदिर बनवाया था। मान्यता है कि यहां पूजा करने से हर मनोकामना पूरी होती है। मंदिर के अंदर दो अरघे में दो शिवलिंग हैं। एक बड़ा एवं दूसरा छोटा शिवलिंग है।

इन मंदिरों में भी पहुंचते हैं शिव भक्त

रांची शहर में कई प्राचीन मंदिर हैं। महेशपुर, हिरणपुर, पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा स्थित शिव मंदिरों में हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते हैं। इन मंदिरों में श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर तैयारी कर ली गई है। यहां पुरुष और महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार लगाई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा मंदिर समिति के वॉलेंटीयर भी सक्रिय रहेंगे। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जाएगी। मंदिरों में अन्य कई तरह की तैयारियां चल रहीं हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article