राँची

Delhi to Deoghar Flight Emergency Landing: दिल्ली से देवघर आ रही फ्लाइट के यात्रियों की फंस गई थी जान, करानी पड़ी लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 20, 2023, 09:22 PM IST

Ranchi News: देश की राजधानी दिल्ली से देवघर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में सोमवार को अचानक हड़कंप मच गया। सैकड़ों यात्रियों की जान सांसत में फंस गई। किसी ने फ्लाइट में बम होने की सूचना दे दी थी। इससे लखनऊ में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। राहत की बात रही सूचना गलत निकली।

Image

लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाइट एवं यात्रियों के सामनों की चल रही जांच

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • इंडिगो की फ्लाइट 6 ई 6191 में बम होने की मिली थी सूचना
  • फ्लाइट में 180 यात्री थे सवार, गलत सूचना देने वाला गिरफ्तार
  • लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों एवं लगेज की हुई जांच


Deoghar Flight Emergency Landing in Lucknow: दिल्ली से देवघर आ रही इंडिगो की फ्लाइट की सोमवार को अचानक लखनऊ में लैंडिंग करानी पड़ी। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद पूरी फ्लाइट एवं सवार यात्रियों के सामानों की जांच की गई। फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली थी। इससे फ्लाइट में सवार यात्रियों और एयरलाइंस कंपनी के अधिकारियों में दहशत फैल गई। फ्लाइट में 180 यात्री सवार थे। इस सूचना के मिलते ही लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराकर दो घंटे तक जांच-पड़ताल की गई।

दिल्ली से फ्लाइट सुबह 11:05 बजे टेकऑफ हुई थी। दोपहर 12:30 बजे फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यहां रन-वे के किनारे पहले से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। लखनऊ एयरपोर्ट पर छह एंबुलेंस, दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, बम निरोधक दस्ता, पांच खोजी कुत्ता एवं काफी संख्या में सुरक्षा बल तैनात थे। सभी यात्रियों के हैंड लगेज लेकर नीचे उतारकर बारी-बारी से मेटल डिटेक्टर से जांच हुई।

खोजी कुत्ते ने की फ्लाइट के अंदर जांच

सभी यात्रियों को एयरबेस से 500 मीटर दूर रन-वे पर ही उतारा खड़ा कर बारी-बारी से चेक किया गया। सीआईएसएफ की महिला जवानों ने महिला यात्रियों की जांच की। यात्रियों के पर्स एवं मोबाइल तक की मेटल डिटेक्टर से जांच हुई। खोजी कुत्ते ने फ्लाइट के अंदर काफी देर तक जांच की। यात्रियों के बड़े लगेज एवं सीट के नीचे जांच की गई। खोजी कुत्ते के साथ बम निरोधक दस्ता भी रहा। सब कुछ सही पाए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एनओसी जारी कर दी। वहीं, गलत सूचना देने वाले शख्स को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया है।

तीन घंटे देर से फ्लाइट पहुंची देवघर

एनओसी मिलने के बाद दोपहर 2:20 बजे फ्लाइट लखनऊ से टेकऑफ की। यह देवघर एयरपोर्ट पर शाम 4 बजे लैंड की। तीन घंटे देरी से फ्लाइट देवघर पहुंची। लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग के समय बहुत से यात्री विंडो से रन-वे पर कड़ी सुरक्षा, एंबुलेंस, खोजी कुत्ते की टीम एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्था देखकर बहुत घबरा गए थे। हालांकि जांच-पड़ताल के दौरान सभी यात्रियों ने एयरपोर्ट अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों का पूरा सहयोग किया। कई यात्री अपने रिश्तेदार और संगे-संबंधियों से भी संपर्क करना चाहा। फिर देवघर एयरपोर्ट पहुंचकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article