झारखंड के रामगढ़ में होमगार्ड भर्ती से पहले आयोजित ट्रायल रेस का एक वीडियो इन दिनों चर्चा में है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में यहां के सिद्धो-कान्हू मैदान में एक महिला अभ्यर्थी साड़ी पहनकर और नंगे पांव 1600 मीटर की दौड़ लगाती दिख रही है। महिला के पैरों में जूते नहीं हैं और दौड़ के लिए कोई खास स्पोर्ट्स ड्रेस भी नहीं है, लेकिन होमगार्ड बनने का जज्बा ऐसा कि महिला ने दौड़ पूरी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बताया तो यह भी जा रहा है कि साड़ी में दौड़ने वाली कई महिला अभ्यर्थी ट्रायल में सफल भी हुई हैं।
रामगढ़ जिले में इसी महीने होमगार्ड जवानों की बहाली प्रक्रिया शुरू होनी है। अलग-अलग प्रखंडों में कुल 284 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्टूबर से 5 नवंबर तक प्रक्रिया प्रस्तावित है। भर्ती में महिलाओं के लिए 50 फीसद सीटें आरक्षित हैं। इसके अलावा विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के लिए अलग से 5 फीसद आरक्षण का प्रावधान भी है।
2 और 4 अक्टूबर को हुआ दौड़ ट्रायल
भर्ती प्रक्रिया से पहले रामगढ़ के सिद्धो-कान्हू मैदान में 2 और 4 अक्टूबर को 1600 मीटर रेस का ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इसी दौरान एक महिला साड़ी पहनकर नंगे पांव दौड़ती दिखाई दी। नंगे पांव, साड़ी पहने हुए महिला का दौड़ते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। महिला ने इस रेस में अपना पूरा दमखम दिखाया।
महिलाओं के लिए 50 फीसद आरक्षण
रामगढ़ में होने वाली होमगार्ड भर्ती में महिलाओं के लिए 50 फीसद सीटें आरक्षित हैं। वहीं विभागीय विज्ञापन के मुताबिक विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के लिए अलग से 5 फीसद आरक्षण का प्रावधान भी है। ऐसे में बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो रही हैं।
24 अक्टूबर से शुरू होगी भर्ती
क्या है 1600 मीटर रेस का नियम?
भर्ती के शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) में महिला अभ्यर्थियों को 1600 मीटर की रेस 10 मिनट में पूरी करनी होती है। इस रेस को 8 मिनट में पूरी करने वाली अभ्यर्थी को एक्सीलेंट श्रेणी में रखा जाता है। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 1600 मीटर रेस पूरी करने का निर्धारित समय 5 मिनट है।
ये भी पढ़ें - Samastipur News: जिसकी हत्या के आरोप में चार लोगों को 4 साल पहले हुई जेल, वह नोएडा में जिंदा मिला
रामगढ़ में साड़ी पहनकर नंगे पांव दौड़ती महिला का वीडियो चर्चा में है। महिलाएं होमगार्ड बनने के लिए यहां सीमित संसाधनों के बावजूद जी-तोड़ मेहनत कर रही हैं।
