शहर

Delhi News: रक्षाबंधन मनाने निकलीं बहनें, रास्ते में मिला लंबा जाम; दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से लेकर अक्षरधाम तक रेंगती दिखीं गाड़ियां

Delhi News: रक्षाबंधन पर भाई-बहनों से मिलने की खुशी में शुक्रवार को दिल्ली की सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। त्योहार की बढ़ी चहल-पहल का असर यातायात पर भी दिखा और कई प्रमुख मार्गों पर वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से लेकर अक्षरधाम और मेट्रो तक, राजधानी में सफर करने वालों को भारी भीड़ और धीमी रफ्तार का सामना करना पड़ा।

Image

दिल्ली में रक्षाबंधन के दिन भारी ट्रैफिक जाम (फोटो- ANI/PTI)

Delhi News: रक्षाबंधन के त्योहार पर शुक्रवार को दिल्ली की सड़कों पर अपनों से मिलने की उत्सुकता साफ नजर आई। बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधने और परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए घरों से निकलीं तो राजधानी की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया और लोगों को घंटों धीमी रफ्तार से सफर करना पड़ा। इसके बावजूद चेहरे पर त्योहार की खुशी लिए लोग जाम की परेशानी झेलते हुए अपने भाई-बहनों और परिवार तक पहुंचने की कोशिश करते नजर आए।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से लेकर अक्षरधाम तक भारी जाम

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, एमबी रोड, कालिंदी कुंज, प्रगति मैदान और अक्षरधाम समेत कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। साथ ही दिल्ली मेट्रो में भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर जाम कई घंटों तक लगा रहा और गाड़ियां रेंगती नजर आईं। ट्रैफिक टीम को गाड़ियों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए तैनात किया गया था।

राजधानी में गाड़ियों की रफ्तार हुई धीमी

छतरपुर क्षेत्र में एमबी रोड पर भी भारी यातायात की सूचना मिली है, जहां गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हुई थी। लाडो सराय ओल्ड एमबी रोड ट्रैफिक सिग्नल पर भी जाम देखा गया। कालिंदी कुंज पर यातायात जाम रहा, जहां यात्रियों ने दिल्ली की ओर जाम की शिकायत की और इस मार्ग पर जाम को रोजाना का मसला बताया। प्रगति मैदान और अक्षरधाम खंड के आसपास भी यातायात जाम देखा गया, जबकि त्योहार से पहले आवाजाही बढ़ने के बीच गीता कॉलोनी रोड के पास दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर गाड़ियों के धीमी गति से चलने की सूचना मिली।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की थी एडवाइजरी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रक्षाबंधन के मद्देनजर 27 और 28 अगस्त को परामर्श जारी किया था जिसमें आनंद विहार आईएसबीटी, रोड नंबर 56, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-9) और विकास मार्ग के आसपास पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही बढ़ने की चेतावनी दी गई। यात्रियों को सलाह दी गई कि संभव हो तो इन हिस्सों से बचें और अपनी घर से गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त वक्त लेकर निकलें। सड़क पर यातायात बढ़ने के साथ-साथ दिल्ली मेट्रो में भी भीड़ बढ़ गई, कई स्टेशनों और ट्रेन में यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article