Gujarat Accident: गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जहां एक टैंकर और बस की भीषण टक्कर हो गई। जिसके बाद बस में अचानक आग लग गई, तो देखते ही देखते विकराल रूप में बदल गई। इस दर्दनाक हादसे में चार यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई और 10 अन्य लोग झुलसने से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। जिसके बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। साथ ही घायलों को बाहर निकाला गया। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बस में सवार थे 40 लोग
पुलिस उपाधीक्षक (DSP) एस.एस. भदौरिया ने बताया कि यह दुर्घटना देर रात करीब 1:30 बजे चोटिला-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांगानी गांव के पास हुई। उन्होंने बताया कि निजी लग्जरी बस अहमदाबाद से राजकोट की ओर जा रही थी, तभी वह अपने आगे जा रहे डामर (कोलतार) से लदे एक टैंकर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई। भदौरिया के अनुसार, बस में कम से कम 40 यात्री सवार थे, जिनमें से कई लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
राजकोट सिविल अस्पताल में भर्ती घायल
उपजिलाधिकारी एच.टी. मकवाना ने कहा, "निजी बस और डामर से भरे टैंकर के बीच हुई इस टक्कर में चार यात्री जिंदा जल गए।" पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में 10 लोग झुलस गए हैं। मकवाना ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए राजकोट के सिविल अस्पताल भेजा गया है, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटिला के एक अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
(इनपुट - भाषा)
