शहर

राजस्थान में मौसम का डबल अटैक, कोहरे ने मचाया कोहराम, कल कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी

राजस्थान में मौसम की चाल बदली हुई है। तापमान में कमी के साथ राज्य के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया रहा है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो रही है। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए मंगलवार को कड़ाके की ठंड पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है।

Image

राजस्थान में मौसम का डबल अटैक (Photo-PTI)

Photo : PTI

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में बीते दिनों से मौसम की चाल बदली हुई नजर आ रही है। राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह और शाम के दौरान घना कोहरा छाया हुआ है। तापमान में भी कमी दर्ज की जा रही है। बीते दिनों बादल छाए होने के कारण तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई थी। लेकिन एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से तापमान में कमी आने के साथ आने वाले दिनों में शीतलहर चलने की भी संभावना जताई गई थी। इस बीच राजधानी जयपुर के बाहरी इलाकों में आज घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे विजिबिलिटी सिर्फ 10 मीटर थी। इससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। जयपुर के साथ जैसलमेर और श्री गंगानगर जैसे बॉर्डर जिलों में भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बदली राजस्थान में मौसम की चाल

छाए हुए कोहरे और उत्तर भारत पर एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर के कारण पूरे राज्य में तापमान का पैटर्न असामान्य रहा। न्यूनतम (रात का) तापमान बढ़ रहा है, वहीं दिन का तापमान काफी गिर गया है, जिससे कई इलाकों में दिन रात से ज्यादा ठंडे हो गए हैं। रविवार को कई शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। जैसलमेर में सोमवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे ठंड और बढ़ गई। सोनार किले से देखने पर शहर कोहरे की चादर में लगभग छिपा हुआ था। पिछले 24 घंटों में घने कोहरे ने उत्तर-पूर्वी राजस्थान को प्रभावित किया, जिसमें श्री गंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली और दौसा शामिल हैं।

तापमान में तेजी से आई गिरावट

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, लगातार कोहरे की वजह से इन इलाकों में दिन के तापमान में तेजी से गिरावट आई। अलवर और करौली में रविवार अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा, जहां अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों जिलों में सुबह से देर शाम तक कोहरा और धुंध छाई रही। करौली में अधिकतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट देखी गई, जबकि अलवर में 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। दौसा, श्रीगंगानगर, कोटा, पिलानी, जयपुर, चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर सहित अन्य शहरों में भी 1 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। श्रीगंगानगर में भी पूरे दिन हल्का कोहरा छाया रहा। लंबे समय तक कोहरे के कारण कई जिलों में 'ठंडे दिन' जैसी स्थिति रही। श्चिमी विक्षोभ से जुड़े बादलों के कारण उत्तरी हवाएं कमजोर हो गई हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है और सुबह-शाम की ठंड कम हो गई है। कई शहरों में रविवार को रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान पाली में 8.0 डिग्री सेल्सियस और सिरोही में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मंगलवार को कैसा रहेगा मौसम का हाल

इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) ने मंगलवार से कड़ाके की ठंड की चेतावनी जारी करते हुए तापमान में और गिरावट का अनुमान लगाया है। बता दें कि कल यानी मंगलवार 23 दिसंबर को राज्य के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा।

जयपुर में 23 दिसंबर से गिरेगा पारा

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार तक जारी रहेगा और कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। उन्होंने आगे कहा कि 23 दिसंबर से ठंडी उत्तरी हवाएं तेज होंगी, जिससे न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा भी छाए रहने की उम्मीद है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article