राजस्थान में आज का मौसम (09 Feb 2026): राजस्थान में एक ही दिन में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे है। सुबह की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ हो रही है। दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का एहसास हो रहा है। वहीं शाम ढलते ही तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। जिससे फिर से तेज सर्दी महसूस हो रही है। फिलहाल प्रदेश में अधिकतम तापमान 25 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। वहीं कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान अभी भी 5 डिग्री से नीचे बना हुआ है। साथ ही दक्षिण-पश्चिम से 7-10 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं भी चल रही हैं।
राजस्थान में आज कैसा मौसम रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह से ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही। दिन चढ़ने के साथ ही धूप की तपिश में भी बढ़ोत्तरी होगी। जिससे हल्की गर्मी लग सकती है। प्रदेश में फिलहाल कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। जिसके चलते इस हफ्ते मौसम साफ बने रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि अगले 48 घंटे में राजस्थान के पश्चिमी जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच सकता है। वहीं अन्य हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रह सकता है।
राजस्थान में सबसे ठंडे और गर्म जिले
राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान जालोर सबसे गर्म जिला रहा, जहां का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दौसा में अधिकतम पारा 29.5 डिग्री, डूंगरपुर में 29.3 डिग्री, उदयपुर में 28.4 डिग्री और जयपुर में 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को राजस्थान का सबसे ठंडा इलाका फतेहपुर और पाली रहा। जहां का न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.9 डिग्री और 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
