शहर

राजस्थान का मौसम (08 Jan 2026) Rajasthan Weather Today: दिन में भी रात जैसी लग रही ठंड; राजस्थान में Cold Day की स्थित, 3 जिलों में कोहरे-शीतलहर का अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 08 Jan 2026: राजस्थान में सर्दी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा, शीतलहर और कोल्ड-डे जैसी परिस्थितियों के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लगातार गिरते तापमान और ठंडी हवाओं ने हालात ऐसे बना दिए हैं कि दिन में भी रात जैसी सर्दी महसूस की जा रही है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम।

Image

राजस्थान में चल रही शीतलहर (AI Image)

राजस्थान में आज का मौसम (08 Jan 2026): राजस्थान में सर्दी ने इस समय अपने सबसे तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को प्रदेश के 23 जिलों में कोहरे और शीतलहर को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। सीकर, झुंझुनूं, जयपुर जैसे 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर सहित 13 जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है। लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे के चलते आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

स्कूलों पर भी सर्दी का असर

भीषण ठंड को देखते हुए राज्य के 26 जिलों में गुरुवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं जोधपुर में प्रशासन ने सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव करते हुए कक्षाएं सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित करने का फैसला लिया है। ठंड और कोहरे की वजह से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

कई शहरों में कोल्ड-डे की स्थिति

प्रदेश में हालात ऐसे हैं कि दिन में भी रात जैसी सर्दी महसूस की जा रही है। बुधवार को श्रीगंगानगर में दिन का अधिकतम तापमान महज 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कई जिलों में रात के न्यूनतम तापमान के बराबर रहा। जयपुर का तापमान भी शेखावाटी अंचल के कई शहरों से कम दर्ज किया गया। बीकानेर, कोटा, चूरू, भीलवाड़ा, झुंझुनूं, अलवर समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जिससे पूरे दिन कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनी रही।

घने कोहरे से विजिबिलिटी घटी

पिछले 24 घंटों में बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर-जोधपुर संभाग के कई हिस्सों में घना से अति घना कोहरा छाया रहा। कुछ इलाकों में सुबह के समय दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 8 से 16 जनवरी के बीच प्रदेश का तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री तक नीचे रह सकता है। विशेषज्ञ इस ठंड को दिसंबर 2019 जैसी गंभीर सर्दी से जोड़कर देख रहे हैं। आने वाले 4-5 दिन राजस्थान के लिए मौसम के लिहाज से बेहद कठिन रहने वाले हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article