शहर

राजस्थान का मौसम (22 May 2026) Rajasthan Weather Today: प्रचंड गर्मी से तप रहा राजस्थान, अगले 48 घंटे राहत देगा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, Heatwave का दौर भी जारी

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 22 May 2026: राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव से सभी परेशान हैं। लेकिन अगले 48 घंटे तक राज्य में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है, जो कुछ हद तक राहत लेकर आ रहा है।

Image

राजस्थान में प्रचंड गर्मी के बीच आज वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 22 May 2026): दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की ही तरह राजस्थान में भी इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। दिन के समय धूप इतनी तेज है कि मानो आसमान से आग बरस रही हो। राजस्थान के लगभग सभी शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। दिन में तो तेज धूप के कारण गर्मी का दंश झेलना ही पड़ रहा है, रात को भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। जयपुर सहित कई शहरों में 'वॉर्म नाइट' की स्थितियां बनी हुई हैं।

हालांकि, पिछले कुछ दिनों की तुलना में कल यानी गुरुवार 21 मई को तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली। जैसलमेर, चूरू, बीकानेर, भीलवाड़ा, कोटा सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे कुछ नीचे दर्ज किया गया। इसके बावजूद राज्य के ज्यादातर हिस्सों में Heatwave का असर बरकरार है। लोगों को गर्म हवाओं के साथ ही तेज धूप का भी सामना करना पड़ रहा है।

रविवार से Heatwave होगी और प्रचंड

भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आने वाले एक हफ्ते तक राज्य में प्रचंड गर्मी का यही दौर जारी रहेगा। रविवार 24 मई के बाद हीटवेव और भी ज्यादा बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कई इलाकों में गंभीर हीटवेव की चेतावनी दी है। हालांकि, उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में आज यानी शुक्रवार 22 मई और कल आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर थोड़ी राहत मिल सकती है।

श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा तापमान रहा

कल यानी गुरुवार 21 मई को पूरे राजस्थान में मौसम शुष्क बना रहा और दिनभर तेज धूप निकली। जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई इलाकं में लू का प्रभाव देखने को मिला। राज्य में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में दर्ज हुआ, जहां पारा 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ला रहा राहत

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर शुक्रवार और शनिवार को राजस्थान के उत्तर-पूर्वी जिलों में दिखाई दे सकता है। इस वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और झुंझुनूं सहित आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

जयपुर के तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं

राज्य की राजधानी जयपुर में कल दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं का असर रहा। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों तक जयपुर में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

शहर / जिलाअधिकतम तापमान (°C)मुख्य मौसम स्थिति
श्रीगंगानगर45.1°Cराज्य में सबसे गर्म, प्रचंड लू का प्रभाव
अलवर44.0°Cअत्यधिक गर्मी और उमस
कोटा43.0°Cप्रचंड गर्मी और गर्म हवाएं
सीकर42.7°Cरात में भी भीषण गर्मी ('वॉर्म नाइट')
जयपुर42.0°Cशुष्क मौसम, अगले 3-4 दिन कोई बदलाव नहीं
जोधपुर42.0°Cतेज धूप के साथ भारी उमस
उदयपुर40.5°Cदोपहर से पहले ही तेज गर्मी की शुरुआत

उदयपुर और कोटा में प्रचंड गर्मी

उदयपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.6 डिग्री दर्ज किया गया। यहां दोपहर से पहले ही तेज गर्मी महसूस होने लगी और दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं। कोटा में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

यहां उमस से बेहाल हुए लोग

अलवर में गुरुवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि सीकर में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री और न्यूनतम 29.9 डिग्री दर्ज किया गया। जोधपुर में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

प्रचंड गर्मी और हीटवेव से बचने के लिए क्या करें

गर्मी के बढ़ते असर के बीच आपके अपील है कि पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थ पीएं। धूप में निकलने से बचें और अगर जाना जरूरी ही हो तो टोपी या पगड़ी पहनकर निकलें, चेहरा ढककर ही बाहर निकलें। साथ में छाता और पानी की बोतल भी लेकर निकलें। घरों में पर्याप्त मात्रा में पानी स्टोर करके रखें। गर्मियों में पीने, नहाने, खाना पकाने और साफ-सफाई के कारण पानी की खपत बढ़ जाती है, इसलिए जल संरक्षण और पानी के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article