राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 21 May 2026): देश के कई अन्य हिस्सों की तरह राजस्थान में भी इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है। पिछले कुछ दिनों से समूचे राजस्थान में लोग हीटवेव से परेशान हैं। राज्य में कल यानी बुधवार 20 मई को ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवा से लोगों का जीना मुहाल रहा। राज्य के कई शहरों में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। बधुवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। यहां पर तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले चार-पांच दिनों तक राज्य में चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी, लू से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
आज के लिए समूचे राजस्थान में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के नागपुर क्षेत्र के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी हुआ है। फिलहाल राजस्थान सहित इस पूरे क्षेत्र में बारिश के कोई आसार नहीं हैं। हरियाणा और पंजाब में भी हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी है।
जयपुर सहित इन हिस्सों में हीटवेव
IMD के मुताबिक राजधानी जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर और कोटा संभाग के ज्यादातर इलाके इन दिनों हीटवेव की चपेट में हैं। प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में हफ्ते के बचे हुए दिनों में यानी रविवार तक Heatwave का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बीकानेर, फलोदी और चूरू का तापमान
बुधवार को पिलानी (झुंझुनूं) राज्य का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 45.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा फलोदी और बीकानेर में तापमान 44.8 डिग्री, चूरू में 44.5 डिग्री, कोटा और अलवर में 44.2 डिग्री व चित्तौड़गढ़ में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी के चलते दिन के साथ रातें भी गर्म (वॉर्म नाट) होने लगी हैं।
चितौड़गढ़, सिहोही, दौसा में गिरा पारा
हालांकि, बुधवार को कुछ शहरों के तापमान में मामूली सी गिरावट भी देखने को मिली। सिरोही और प्रतापगढ़ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया। सिरोही में 39 डिग्री और प्रतापगढ़ में 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। चित्तौड़गढ़, अलवर, टोंक, फतेहपुर, करौली और दौसा में भी तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली।
गुलाबी नगरी जयपुर के भी पारे में हल्की कमी दर्ज की गई, लेकिन शहरवासियों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। यहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किए रखा।
अलवर और उदयपुर में गर्मी से बेहाल लोग
अलवर में लगातार तीसरे दिन तापमान 45 डिग्री के करीब बना रहा। नगर निगम ने लोगों को राहत देने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया और कई जगहों पर टेंट लगाकर छाया की व्यवस्था भी की। वहीं उदयपुर में भी दोपहर के समय सड़कें सूनी हो गईं। यहां अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शेखावाटी क्षेत्र के सीकर में अगले चार दिनों तक यानी रविवार तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। कोटा में भी तापमान 44 डिग्री के पार पहुंचने से लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
