राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 19 May 2026): राजस्थान में इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है। दिन के समय आसमान से मानो आग बरस रही है और रात को भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। दिन के समय चिलचिलाती धूप के कारण लोगों का बाहर निकलना मुहाल हो रहा है। इसके कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ नजर आता है। लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव के चलते मौसम विभाग ने मंगलवार को राजस्थान के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट और पांच जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। अगले कई दिनों तक राजस्थान में तेज गर्मी और लू का असर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
सोमवार को राजस्थान के कई शहरों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान चित्तौड़गढ़ और पिलानी में 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सीकर और उदयपुर में सोमवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।
205 शहरों में पेयजल संकट
भीषण गर्मी के साथ राज्य में पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक राजस्थान के 315 में से 205 शहर और कस्बे पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। कई इलाकों में तीन से चार दिन में एक बार पानी की सप्लाई हो रही है।
जयपुर-अजमेर में भी पानी की किल्लत
राजधानी जयपुर और अजमेर जैसे बड़े शहरों में भी टेल एंड तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। हालात से निपटने के लिए सरकार ने प्रत्येक कलेक्टर को एक करोड़ रुपये का इमरजेंसी बजट दिया है और जलदाय विभाग की 575 टीमें तैनात की गई हैं।
लगभग सभी शहरों में पारा 40 पार
राजस्थान के लगभग सभी शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर में हीटवेव का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला।
जयपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि रात का तापमान भी 30 डिग्री से ऊपर रहा। कोटा में पारा 45.3 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं अलवर और अजमेर में भी लोग तेज धूप और गर्म हवाओं से बेहाल नजर आए।
खूब सारा पानी पिएं
मौसम विभाग ने अगले तीन से पांच दिनों तक Heatwave जारी रहने की चेतावनी दी है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
