रायपुर: छत्तीसगढ़ के कवर्धा में वन रक्षक भर्ती में ओलंपिक विजेता उसेन बोल्ट (Usain Bolt) का रिकॉर्ड टूट गया है। सुनने में आपको अचरज हो रहा होगा, लेकिन छत्तीसगढ़ के कवर्धा में वन रक्षक भर्ती परीक्षा में शारीरिक दक्षता के लिए 200 मीटर की दौड़ में 2008 के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट उसेन बोल्ट का रिकॉर्ड वास्तव में टूट गया। यह रिकॉर्ड छत्तीसगढ़ के दो अभ्यर्थियों ने तोड़ा है। शारीरिक दक्षता के नतीजे जारी किए गए तो यह बात सामने आई कि उर्मिला नाम की अभ्यर्थी ने 200 मीटर दौड़ 14.07 सेकंड और उज्जवल सिन ने 19.6 सेकंड में पूरी की जबकि उसेन बोल्ट का रिकॉर्ड 19.19 सेकंड का है।
वन रक्षक भर्ती की दौड़ के रिजल्ट में हुई गड़बड़ी
छत्तीसगढ़ में वन रक्षक भर्ती परीक्षा के परिणाम आने के बाद अच्छे-अच्छे धवकों के पैरों तले जमीन खिसक गई है, क्योंकि वन रक्षक भर्ती के लिए 29 मई को हुई दौड़ के रिजल्ट की लिस्ट में ये कारनामा दर्ज हुआ है। इस लिस्ट के आने के बाद बीजेपी नेताओं ने ट्वीट करके सरकार पर निशाना साधा।
कंप्यूटर में तकनीकी खराबी से हुई गलत एंट्री
उधर अधिकारी इसे तकनीकी गलती बता रहे हैं। वन मंडल अधिकारी ने बताया कि कंप्यूटर में तकनीकी खराबी होने की वजह से गलत एंट्री हो गई है, जिसे सुधारा जा रहा है। पूरे प्रकिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी हो रही है।
वन रक्षक के 36 पदों पर होनी है भर्ती
वन रक्षक के लिए कबीरधाम जिले में 36 पदों पर भर्ती होनी है। इसके लिए 41335 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन फॉर्म भरे हैं। शरीरिक परीक्षा 22 मई से 2 जून तक चलेगी। PSC की परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों के बाद वन रक्षक के नतीजों से बीजेपी को बड़ा मुद्दा मिल गया है।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
