रायपुर

छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा; तालाब में डूबने से चार मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से चार मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार यह हादसा बलौदा थाना क्षेत्र के भैसतरा गांव में शनिवार दोपहर हुआ। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से बच्चों की जान चली गई।

Image

तालाब में डूबने से 4 बच्चों की मौत (Photo: Canva)

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है जहां एक तालाब में डूबने से चार मासूम बच्चों की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा भैसतरा गांव में हुआ, जो बलौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। नहाने के दौरान पुष्पांजली श्रीवास (8), उसका छोटा भाई तुषार श्रीवास (5), ख्याति केंवट (6) और अंबिका यादव (6) तालाब में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर लगभग एक बजे घटी जब स्कूल से लौटे चार बच्चे खेलते-खेलते तालाब की ओर चले गए और नहाने के लिए उसमें उतर गए। अधिकारियों के अनुसार, नहाते समय वे बच्चे अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। जब वे काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े दिखाई देने पर उन्हें शक हुआ, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया।

मामले की जांच जारी

अधिकारियों ने बताया कि तालाब से निकालने के बाद परिजन बच्चों को पास के बलौदा गांव के अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस हादसे के बाद से पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है साथ ही मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे के चलते गांव में मातम छाया हुआ है।

(इनपुट - भाषा)

Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article