रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गरियाबंद और नारायणपुर जिलों में नक्सल मोर्चे पर मिली बड़ी उपलब्धियों पर सुरक्षा बलों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की वीरता और जनता का भरोसा ही नक्सल उन्मूलन की सबसे बड़ी ताकत है। गरियाबंद में करोड़पति नक्सली कमांडर को ढेर कर दिया गया। मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में केंद्रीय समिति सदस्य और ₹1 करोड़ का इनामी मोडेम बालकृष्ण उर्फ मनोज भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने इसे नक्सल उन्मूलन अभियान में एक ऐतिहासिक सफलता बताया।
नारायणपुर: 16 नक्सलियों का आत्मसमर्पण
इसी क्रम में नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। आत्मसमर्पण करने वालों में जनताना सरकार सदस्य, पंचायत मिलिशिया डिप्टी कमांडर, पंचायत सरकार सदस्य और न्याय शाखा अध्यक्ष सहित कुल 16 नक्सली शामिल हैं। इन सभी ने समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर शांति और विकास का हिस्सा बनने का संकल्प लिया है।
झूठी विचारधारा का अंत निकट – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये घटनाएँ इस बात का संकेत हैं कि नक्सलवाद की झूठी विचारधारा अब समाप्ति की ओर है। छत्तीसगढ़ में विश्वास, विकास और शांति की नई सुबह दिखाई दे रही है।
2026 तक नक्सलमुक्त भारत का विश्वास
सीएम साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का संकल्प स्पष्ट है। हमें पूरा विश्वास है कि मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त भारत का सपना साकार होगा।
बीजापुर में 26 नक्सली गिरफ्तार
उधर, बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने कुल 13 लाख रुपये के इनामी छह माओवादियों समेत 26 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। सुरक्षाबलों ने जिले के गंगालूर थानाक्षेत्र में तीन नक्सलियों, भैरमगढ़ में तीन नक्सलियों, आवापल्ली में आठ नक्सलियों, उसूर में आठ नक्सलियों और तर्रेम थाना क्षेत्र में चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
