रायपुर

छत्तीसगढ़ : बीजापुर में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, CRPF के दो जवान घायल

  • Agency by: Agency
  • Updated May 22, 2023, 02:45 PM IST

Bijapur News: पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना के बाद रविवार को पुसनार शिविर से जिला रिजर्व बल (डीआरजी) और कोबरा बटालियन के संयुक्त दल को गश्त पर रवाना किया गया था। दल के जवान रात करीब आठ बजे जंगल में थे तभी नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

Image

नक्सली हमले में दो जवान घायल

Bijapur News: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ में दो से तीन नक्सलियों के भी घायल होने संभावना है। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले पुसनार और हिरोली गांव के बीच सुरक्षाबलों को क्षति पहुंचाने के लिए माओवादियों ने बारूदी सुरंग बिछायी है।

गश्त के दौरान नक्सलियों ने की फायरिंग

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना के बाद रविवार को पुसनार शिविर से जिला रिजर्व बल (डीआरजी) और कोबरा बटालियन के संयुक्त दल को गश्त पर रवाना किया गया था। दल के जवान रात करीब आठ बजे जंगल में थे तभी नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस घटना में कोबरा 202 बटालियन के आरक्षक नकुल और मोहम्मद शाहिद घायल हो गए।

गोलीबारी के बाद फरार हो गए नक्सली

उन्होंने बताया कि कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जवानों को हाथ और पैर में चोट लगी है। उन्हें इलाज लिए बीजापुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों घायल जवानों की स्थिति सामान्य है तथा खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान कम से कम तीन नक्सलियों को भी गोली लगते देखा गया है जिन्हें उनके साथी अपने साथ ले गए हैं। इलाके में तलाश अभियान जारी है।

Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat

End of Article