Abujhmarh Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के केंद्रीय समिति के सदस्यों के रूप में हुई है। मृतक नक्सली राजू दादा उर्फ कट्टा रामचंद्र रेड्डी और कोसा दादा उर्फ कादरी सत्यनारायण रेड्डी थे, जिन पर 40-40 लाख रुपये का इनाम घोषित था। यह जानकारी पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को दी।
नारायणपुर जिले के पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन ने बताया कि छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र अंतरराज्यीय सीमा के पास स्थित अबूझमाड़ इलाके में माओवादी गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने तलाश अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुबह से ही माओवादी और सुरक्षाबलों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से दो माओवादी नेताओं के शव, हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की। प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि मारे गए नक्सली केंद्रीय समिति सदस्य राजू दादा और कोसा दादा ही थे। अधिकारी ने बताया कि 63 वर्षीय राजू दादा उर्फ कट्टा रामचंद्र रेड्डी को गुड्सा उसेंडी, विजय और विकल्प के नाम से भी जाना जाता था। वह तेलंगाना के करीमनगर के निवासी थे और उन पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 40 लाख रुपये का इनाम रखा था।
वहीं, 67 वर्षीय कोसा दादा उर्फ कादरी सत्यनारायण रेड्डी को गोपन्ना और बुचन्ना के नाम से भी जाना जाता था, और वह भी करीमनगर, तेलंगाना के निवासी थे, जिन पर 40 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
(इनपुट - भाषा)
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
