ED Raid: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया। इस मामले को लेकर राज्यसभा सांसद और भाजपा नेता राघव चड्ढा ने पंजाब सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब को 'रंगला' बनाने का सपना दिखाकर, आम आदमी पार्टी ने पंजाब के खजाने को 'कंगला' बनाने का काम किया है।
AAP पर बरसे राघव चड्ढा
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में राघव चड्ढा ने कहा, ''ईडी की रेड के दौरान बालकनी से बैग में भरकर 21 लाख रुपये नकद फेंके जाने और करीब 100 करोड़ रुपये की फंड राउंड-ट्रिपिंग की खबरें यह दिखाती हैं कि पंजाब की जनता के जनादेश के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात हुआ है।''
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के साथ धोखा किया है। राघव चड्ढा ने कहा कि AAP से नाता तोड़ने वाले 7 सांसदों ने पार्टी छोड़ते समय कहा था कि पार्टी पूरी तरह भ्रष्ट और समझौता कर चुके लोगों के हाथों में फंस चुकी है।
उन्होंने आगे कहा, ''जब भी हमने पार्टी के भीतर ऐसे मुद्दे उठाने की कोशिश की, हमें चुप करा दिया गया, लेकिन एजेंसियों की छापेमारी के बाद जो बातें सामने आ रही हैं, वे बेहद चौंकाने वाली हैं।'' राघव चड्ढा ने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम करेंगी, लेकिन असली कार्रवाई पंजाब की जनता अगले विधानसभा चुनाव में करेगी।
ED ने संजीव अरोड़ा को किया गिरफ्तार
ईडी ने पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई मंत्री और उनसे कथित रूप से जुड़ी कुछ संस्थाओं के खिलाफ दर्ज धनशोधन के नए मामले में की गई। अधिकारियों ने बताया कि संजीव अरोड़ा को धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत हिरासत में लिया गया। इससे पहले शनिवार सुबह से चंडीगढ़ स्थित अरोड़ा के सरकारी आवास पर छापेमारी की गई थी। अधिकारियों का दावा है कि 62 वर्षीय अरोड़ा जांच में "सहयोग नहीं" कर रहे थे।
