शहर

चंडीगढ़ में कांग्रेस की सियासी हलचल तेज; भूपेश बघेल ने संभाली कमान, संगठन में एकजुटता लाने की बड़ी कवायद शुरू

पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी नेतृत्व संगठन को एकजुट करने की कोशिशों में जुट गया है। इसी कड़ी में प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल पांच दिवसीय दौरे पर चंडीगढ़ पहुंचे, जहां वे विभिन्न नेताओं और गुटों के साथ लगातार बैठकें करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाकर आगामी चुनावों की तैयारियों को मजबूती दी जाएगी।

Image

5 दिन के दौरे चंडीगढ़ पहुंचे भूपेश बघेल

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bhupesh Baghel: पंजाब में जारी आपसी गुटबाजी के बीच पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल सोमवार को डेमेज कंट्रोल के लिए चंडीगढ़ पहुंचे। भूपेश बघेल 5 दिन के पंजाब दौरे पर आए हैं इस दौरान वो तमाम नाराज नेताओं और अलग-अलग ग्रुप के साथ बैठक करेंगे। भूपेश बघेल का जबरदस्त स्वागत चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर किया गया इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और नेता विपक्ष प्रताप बाजवा भी मौजूद रहे हालांकि चरणजीत सिंह चन्नी और उनके समर्थक तमाम नेता इस कार्यक्रम से भी दूर रहे। स्पीच चरणजीत सिंह चन्नी ने आज भी मोहाली में अपने तमाम समर्थक नेताओं के साथ एक बैठक की जिसमें सुखजिंदर सिंह रंधावा, ओपी सोनी, परगट सिंह समेत तमाम नेता मौजूद रहे।

प्रताप सिंह बाजवा के घर पहुंचे भूपेश बघेल

भूपेश बघेल चंडीगढ़ पहुंचने के बाद सबसे पहले नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के घर पर पहुंचे। प्रताप बाजवा से मुलाकात के बाद भूपेश बघेल ने कहा "मैं 5 दिन के दौरे पर पंजाब आया हूं। हमारी जो तमाम कमेटी बनी है उनकी बैठक होगी पंजाब कांग्रेस कमेटी की बैठक होगी। युवा कांग्रेस के भी अभी चुनाव हुए हैं उनके साथ में बैठक करेंगे। कमेटियों की बैठक के माध्यम से हम अब चुनाव की तैयारी में लगेंगे।" चरणजीत सिंह चन्नी के घर पर कांग्रेस नेताओं की बैठक पर भूपेश बघेल ने कहा कि "मैं आज ही आया हूं, पहले सबसे बातचीत करूंगा उसके बाद आपसे बात करूंगा। सबसे मिलने के बाद आपको मैं बताऊंगा।"

"कांग्रेस में सबको खुली हवा में सांस लेने की इजाजत है"

नेता विपक्ष प्रताप बाजवा ने कहा कि सभी नेता कांग्रेस के साथ है पार्टी में कुछ परेशानियां है उनको ठीक किया जाएगा। बाजवा ने कहा कि "मैं सभी ग्रुप से टच में हूं सभी से बात करूंगा। 45 मिनट तक मेरी बघेल साहब से आने वाले समय की चुनौतियों को लेकर चर्चा की गई है। पार्टी का फैसला हाई कमान कर चुका है किसी की कोई प्रॉब्लम है मैं यहां हूं , कांग्रेस का सीनियर नेता होने के नाते मैं कोशिश करूंगा कि जल्द मसला हल हो जाए।" प्रताप बाजवा ने आगे कहा "जब ट्रम्प और ईरान भी एक टेबल पर बैठ सकते है तो यह मसला भी हल हो जाएगा।" बाजवा ने कहा कि कांग्रेस में सबकुछ ठीक है चन्नी मेरे छोटे भाई हैं। चन्नी के दिल्ली जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि दिल्ली हमारे देश की राजधानी है , चंडीगढ़ हमारी केपिटल है, दोनों राजधानियों में सब ठीक हो जाएगा। कांग्रेस में सबको खुली हवा में सांस लेने की इजाजत है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article