मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना अंतर्गत टांडी खुर्द गांव में दहेज के लिए गर्भवती महिला के हाथ-पैर काट कर उसे जला दिया गया। मृतक महिला के परिवार वालों ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है कि महिला के पति मिथुन और अन्य लोगों ने महिला को मारा है। मृतक की मां ने बताया कि ससुराल पक्ष वाले दहेज के लिए काफी समय से प्रताड़ित कर रहे थे।
महिला की हत्या कर शव को जलाने की कोशिश
महिला के परिवार वाले ने बताया कि उन्हें गांव के लोगों ने इसकी जानकारी दी कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। इसके बाद मृतक के पिता पुलिस के साथ टांडी खुर्द पहुंचे, जहां ससुराल पक्ष के लोग महिला के क्षत-विक्षत शव को जला रहे थे, तभी पुलिस को देखकर वे फरार हो गए। इसके बाद चिता की आग बुझाई गई और अधजले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पांच साल पहले हुई थी शादी
मृतक के पिता रामप्रसाद तंवर ने बताया कि रीना तंवर और मिथुन की शादी पांच साल पहले हुई थी। उन्हें एक डेढ़ साल की बेटी है और महिला चार महीने की गर्भवती थी। रामप्रसाद तंवर ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल वाले हमेशा पैसे की मांग करते रहते थे और इसके लिए उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे।
पुलिस ने मामला किया दर्ज
कालीपीठ पुलिस स्टेशन के प्रभारी रजनीश सिरोठिया ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बताया गया कि मिथुन तंवर और उसके परिवार के सदस्य अभी फरार हैं।
महिला के पिता ने लगाया आरोप
इधर, रीना तंवर के परिवार वाले ने अपनी बेटी के ससुराल वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक के रिश्तेदार विष्णु तंवर ने कहा कि हम विवादों को सुलझाने के लिए पैसे भेजते थे, लेकिन इस बार उन्होंने हद पार कर दी। हमें गांव के किसी व्यक्ति का फोन आया और बताया कि उसे मार दिया गया है और जलाया जा रहा है। इसके बाद जब हम पहुंचे तो चिता जल रही थी।
