Prayagraj Weather Update: संगम नगरी में नए साल के मौके पर कड़ाके की ठंड बढ़ने के कयास हैं। मौसम विभाग के मुताबिक गत कई दिनों से तापमान में चल रहा उतार-चढ़ाव अब थमेगा व 3 से 4 दिनों तक इलाका लगातार कोहरे के आंचल में रहेगा।
उत्तर के पहाड़ों से आ रही सर्द हवाएं लोगों को सताएंगी। कोहरे के चलते धूप नहीं निकलने से दिन में मौसम बेहद सर्द रहेगा। यही वजह है कि, पारा नीचे की ओर लुढ़केगा। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र कुमार राय के मुताबिक ठंड इस कदर बढ़ेगी कि दिन और रात के तापमान में फासला कम हो जाएगा। तापमान में गिरावट के साथ ही गलन वाली ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। नए साल में माघ मेला भी है, ऐसे में मेले में स्नान के लिए आने वाले लोगों को सर्दी सताएगी।
