प्रयागराज

Prayagraj Magh Mela: प्रयागराज के संगम तट पर पौष पूर्णिमा का स्नान 6 जनवरी को, बनाए गए 14 स्नान घाट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 5, 2023, 06:14 PM IST

Magh Mela Prayagraj: माघ मेले के पहले स्नान पर्व की शुक्रवार को पौष पूर्णिमा के साथ शुरुआत हो जाएगी। स्नान पर्व से पहले प्रयागराज में 14 घाट बनाए गए हैं, इन घाटों की कुल लंबाई छह हजार रनिंग फीट है। श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए मेले में व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है।

Image

माघ मेले के पहले स्नान पर्व के लिए बनाए गए 14 घाट

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • माघ मेले का पहला स्नान पर्व शुक्रवार को पौष पूर्णिमा के साथ होगा शुरू
  • स्नान पर्व से पहले 14 घाट बनाए गए
  • 14 घाटों पर पांच लाख श्रद्धालु लगाएंगे डुबकी

Magh Mela Prayagraj: प्रयागराज में माघ मेले का पहला स्नान पर्व शुक्रवार को पौष पूर्णिमा के साथ शुरू होगा। पहले स्नान पर्व से पूर्व 14 घाट बनाए गए हैं, जिसकी कुल लंबाई छह हजार रनिंग फीट है। पहले स्नान पर्व पर पांच लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। मेले की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने बुधवार को सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि, किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होनी चाहिए। मेले में कल्पवासियों की समस्याओं को दूर करने के लिए कंट्रोल रूम में पांच लाइनें शुरू की गई हैं। उन्होंने ने कहा कि, सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के नाम एवं पदनाम सूचीबद्ध होने चाहिए। ऐसे में कंट्रोल रूम में सूचना आने पर इसका तुरंत निस्तारण हो सके।

इस दौरान मंडलायुक्त ने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि, सफाई और शौचालय को साफ रखने के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने महावीर पुल के पास उत्तरी दिशा में बनाए जा रहे स्नान घाट का विस्तार कर उसे दक्षिणी भाग में भी बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

जल निगम के अधिकारियों को दिए गए निर्देश

जल निगम के अधिकारियों को सभी जगह कनेक्शन देने के निर्देश दिए गए हैं। मंडलायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के सेक्टर वार नाम, पदनाम एवं कार्य अवधि के साथ जानकारी सूचीबद्ध कर हर सेक्टर ऑफिस में उपलब्ध कराने को भी कहा है। मंडलायुक्त पंत ने अरैल में स्नान घाट और टेंट सिटी का भी दौरा किया।

6 जनवरी को ही पौष पूर्णिमा का होगा स्नान

6 जनवरी को इस बार पौष पूर्णिमा पर तीन योगों का मिलन हो रहा है। इंद्र योग, ब्रह्म योग के साथ ही सर्वार्थ सिद्धि योग में प्रयागराज संगम पर देश-दुनिया से आने वाले संत-भक्त और कल्पवासी पुण्य की डुबकी लगाएंगे। आपको बता दें कि, इस पूर्णिमा पर ग्रहों की युति शुभ होगी, लेकिन पुष्य नक्षत्र का संयोग नहीं मिलने वाला। अन्न-वस्त्र के दान के साथ ही पौष पूर्णिमा से ही रेती पर मास पर्यंत जप, तप और ध्यान के महीने भर का कल्पवास शुरू हो जाएगा। पंचांग के अनुसार, इस बार पौष पूर्णिमा छह जनवरी को भोर में 2:17 बजे लगेगी। अगले दिन यानी 7 जनवरी की सुबह 4:36 बजे तक पूर्णिमा रहेगी। ऐसे में उदया तिथि की मान्यता के अनुसार, 6 जनवरी को ही पौष पूर्णिमा का स्नान होगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article