Prayagraj Magh Mela 2023: संगम नगरी प्रयागराज में नए साल 2023 के जनवरी माह में लगने वाले माघ मेले में तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। इस बार की ट्रेनिंग की खास बात ये है कि, खाकी को मेले के लिए गाइड के तौर पर प्रशिक्षित किया जा रहा है।
इसके अलावा उन्हें ट्रैफिक संभालने सहित भीड़ को कंट्रोल करने की ट्रेनिंग भी दी जा रही है। महकमे के आला अधिकारियों के मुताबिक जवानों को उनके बिहेवियर में बदलाव करने को लेकर भी खास तरह से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं में यूपी पुलिस की अच्छी छवि का संदेश जाए। जानकारी के मुताबिक जवानों को पुलिस के आला अधिकारियों के अलावा कई अन्य महकमों के स्पेशलिस्ट भी ट्रेंड करेंगे।
इन अधिकारियों ने दी ट्रेनिंग
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रदेश के कई इलाकों से अब तक 623 पुलिस के जवान व अधिकारी मेले में तैनाती के लिए प्रयागराज पहुंच चुके हैं। सभी के रहने के लिए खास बैरक बनाए गए हैं। माघ मेला एसपी आदित्य शुक्ल व अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार ने पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान जवानों को ड्यूटी के दौरान सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतने सहित सेवा भाव के बारे में बताया गया। वहीं सभी को मेले के मुख्य मार्गों का मैप समझाया गया।
ये रहेंगी माघ स्नान की तिथियां
मेले के प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक इस बार 6 जनवरी 2023 से माघ मेला शुरू होगा। वहीं 21 जनवरी को मौनी अमावस्या है। मेले की तिथियां नजदीक आने के साथ ही संगम नगरी में नदियों के तट पर दूर तक फैली रेती अब तंबुओं के शहर का आकार लेने लगी है। बता दें कि, जनवरी के फर्स्ट वीक से फरवरी के मध्य तक प्रयागराज में धर्म, अध्यात्म और आस्था परवान पर रहेगी। हालांकि दिसंबर के अंत तक यहां श्रद्धालुओं का आना शुरू हो जाएगा। जानकारी के मुताबिक पहले माघ स्नान की तिथि पौष पूर्णिमा यानी कि, 6 जनवरी को होगा। यहीं से संगम नगरी में एक माह का कल्पवास शुरू हो जाएगा। मकर संक्रांति 15 जनवरी को सूर्य उत्तरायण होंगे। वहीं माघ मेला का मुख्य स्नान पर्व मौनी अमावस्या 21 जनवरी को होगा।
