Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को जल्द ही विकास की बड़ी सौगात मिलने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली में लगभग 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी साझा की है। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री कई अहम परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे, जिनका उद्देश्य राजधानी की बुनियादी सुविधाओं और कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाना है। इन परियोजनाओं में दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर भी शामिल हैं। पहला कॉरिडोर पिंक लाइन पर मजलिस पार्क, मौजपुर और बाबरपुर के बीच विकसित किया गया है, जो शहर के कई क्षेत्रों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराएगा। वहीं दूसरा कॉरिडोर मजेंटा लाइन पर दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच बनाया गया है।
फेज 5ए के तहत एक नए कॉरिडोर का शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली मेट्रो के फेज 5ए के तहत एक नए कॉरिडोर का भी शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना के शुरू होने से राजधानी में यात्रा और अधिक सुविधाजनक और तेज हो जाएगी। इस चरण में कई अहम विस्तार योजनाएं शामिल हैं। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन एक्सटेंशन और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन एक्सटेंशन शामिल हैं। रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक प्रस्तावित सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर लगभग 9.9 किलोमीटर लंबा होगा और इसे पूरी तरह अंडरग्राउंड बनेगा। इस मार्ग पर कुल नौ नए मेट्रो स्टेशन विकसित किए जाएंगे
मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक बनाया गया मेट्रो सेक्शन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पहले जानकारी दी थी कि मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक बनाया गया मेट्रो सेक्शन करीब 12.3 किलोमीटर लंबा है। इस मार्ग पर कुल आठ एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन बनाए गए हैं। यह कॉरिडोर पहले से संचालित मजलिस पार्क-शिव विहार पिंक लाइन का ही हिस्सा है। उन्होंने बताया कि इस नए सेक्शन के जुड़ने के बाद पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी। इसके साथ ही दिल्ली देश का पहला ऐसा शहर बन जाएगा जहां पूरी तरह संचालित रिंग मेट्रो नेटवर्क उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और क्या बताया?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को भी कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए मौके पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक और राष्ट्र सेवा व राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई दिशा देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए दिल्ली पूरे उत्साह, गर्व और आत्मीयता के साथ तैयार है। उन्होंने कहा कि राजधानी में उनके आगमन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
(इनपुट - आईएएनएस)
