पटना

बेगूसराय में मानवता हुई शर्मसार; प्यार में दगा देकर युवक ने प्रेमिका को देह व्यापार में धकेला, छापेमारी से हुआ खुलासा

बिहार के बेगूसराय में मानवता को शर्मसार करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका को धोखे से देह व्यापार में धकेल दिया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक नाबालिग समेत दो महिलाओं को मुक्त कराया और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Image

युवक ने प्रेमिका को देह व्यापार में धकेला (सांकेतिक फोटो)

Photo : Times Now Digital

बिहार के बेगूसराय जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक ने अपनी प्रेमिका को धोखे से देह व्यापार में धकेल दिया। पटना में शुरू हुए प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली और लड़की अपने घर छोड़कर युवक के साथ चली गई। युवक ने उसे बताया कि वे बेगूसराय के बखरी क्षेत्र में उसके एक रिश्तेदार के घर रहेंगे। लेकिन असलियत में वह स्थान देह व्यापार का अड्डा निकला।

बखरी पुलिस को मीरकलापुर इलाके में एक नाबालिग लड़की से जबरन देह व्यापार कराए जाने की गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में एक महिला और एक नाबालिग को मुक्त कराया गया, और कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। यह छापा पिंटू खलीफा नामक व्यक्ति के घर पर मारा गया, जहां से उसकी पत्नी जागो देवी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने इस पूरे मामले में अनैतिक देह व्यापार (रोकथाम) अधिनियम और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। यह घटना न सिर्फ विश्वासघात की भयावहता को उजागर करती है, बल्कि समाज में मौजूद मानव तस्करी जैसी काली सच्चाइयों पर भी सवाल खड़े करती है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article