पटना

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, बेतिया पुलिस ने किया मर्डर मिस्ट्री का खुलासा

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में 42 वर्षीय रोहित यादव की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेतिया पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए उसकी पत्नी प्रतिमा देवी को गिरफ्तार किया है। जांच में प्रेम-प्रसंग के चलते साजिशन हत्या किए जाने का खुलासा हुआ है।

Image

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

West Champaran Murder Case: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के साठी थाना क्षेत्र में 42 वर्षीय रोहित यादव की हत्या के रहस्य से बेतिया पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने रोहित की पत्नी प्रतिमा देवी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने प्रेमी रूपन सहनी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने की बात कबूल की है।

रोहित का शव 14 मार्च 2025 को चनपटिया थाना क्षेत्र के अहीरटोली रेलवे ढाला के पास एक मक्के के खेत में मिला था। हत्या की शिकायत रोहित के भाई मंदिर यादव ने 11 अप्रैल को रेल थानाध्यक्ष, बेतिया को दी थी, जिस पर शून्य एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद चनपटिया पुलिस ने 27 जून को इस मामले में विधिवत हत्या की एफआईआर दर्ज की।

जानकारी के अनुसार, रोहित मजदूरी के सिलसिले में दूसरे राज्य में रहता था और 13 मार्च को अपने ससुराल आया था। उसकी पत्नी प्रतिमा देवी का रूपन सहनी के साथ अवैध संबंध था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते थे। 14 मार्च को रोहित के साढ़ू ने सूचना दी कि उसकी हत्या कर दी गई है। इसके बाद शव को रेलवे ट्रैक के पास से हटाकर एक मक्के के खेत में छिपा दिया गया था।

शुरुआत में पुलिस ने इस मामले को अस्वाभाविक मौत मानते हुए दर्ज किया था, लेकिन परिवार द्वारा हत्या की आशंका जताने पर मामले की गंभीरता से जांच की गई। जांच में प्रतिमा देवी, उसकी मां कांती देवी और ससुर यदु यादव की संलिप्तता भी सामने आई। फिलहाल प्रतिमा देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article