पटना

समस्तीपुर में दिखी पत्नी की हैवानियत, करंट से नहीं मरा पति तो गला दबाकर उतारा मौत के घाट

बिहार के समस्तीपुर जिले में एक पत्नी ने अपने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में महिला को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उसका प्रेमी फरार है। पुलिस आरोपी की पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने बताया की पत्नी और उसके प्रेमी ने युवक को बेहोश किया और करंट के झटके दिए। उसके बाद उसका तार से गला दबाकर हत्या कर दी।

Image

समस्तीपुर करंट देने से नहीं मरा पति को गला दबाकर उतारा मौत के घाट (फोटो - कैनवा)

बिहार के समस्तीपुर जिले में एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी। बीते कई दिनों से देश के विभिन्न हिस्सों से इस तरह के मामले ही सामने आ रहे हैं, जिसमें पत्नियां अपने प्रेमी संग मिलकर पति को मौत के घाट उतार रही हैं। इसी तरह की हैवानियत समस्तीपुर जिले में भी देखने को मिली। मृत बेटे के पिता ने बहू और उसके प्रेमी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके प्रेमी की तलाश की जा रही है, जो वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार है।

बिहार में दिखी पत्नी की हैवानियत

पुलिस ने बताया कि यह घटना समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लगुनियां रघुकंठ वार्ड संख्या-46 की है। बताया जा रहा है कि हत्या की वारदात को शुक्रवार रात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मृतक की पहचान सोनू कुमार (30 वर्ष) के रूप में की है। बताया जा रहा है कि सोनू कुमार की पत्नी का ट्यूशन शिक्षक हरिओम के साथ प्रेम संबंध थे। इन दोनों ने मिलकर सोनू कुमार की हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की शिकायत मिलने पर मृतक की पत्नी स्मिता झा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी हरिओम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है।

प्रेमी संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट

सोनू झा ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक के पिता ने बताया कि शुक्रवार रात जब वह घर लौटा, तो वह दरवाजे पर सो रहा था। सुबह परिवार को उसकी हत्या की जानकारी मिली। पुलिस हिरासत में स्मिता ने बताया कि उसके पति के साथ अक्सर विवाद होते थे और इसी दौरान वह हरिओम के संपर्क में आई। दोनों ने मिलकर सोनू को मारने की योजना बनाई।

स्मिता ने आगे बताया कि शुक्रवार रात को जब सोनू घर आया, तो उसने फिर से स्मिता के साथ मारपीट की। इसके बाद स्मिता ने हरिओम को बुलाया, और दोनों ने मिलकर सोनू पर हमला किया। सोनू को बेहोश करने के बाद, उसे बिजली का करंट लगाया गया और उसके गले को बिजली के तार से घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। हरिओम घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस ने स्मिता से पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया है और हरिओम की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!