पटना

यह बहुत पहले हो जाना चाहिए था, दिशा सालियान केस की जांच SIT से कराने पर बोले सुशांत सिंह राजपूत के पिता

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Dec 23, 2022, 04:39 PM IST

Disha Salian death Case : महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एवं राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि दिशा की मौत की जांच के लिए एक एसआईटी गठित की जाएगी। एकनाथ शिंदे गुट एवं भाजपा के विधायकों ने दिशा की मौत का मामला विधानसभा में उठाया था।

Image

आठ जून 2020 को दिशा सालियान की मौत हुई।

Photo : BCCL
KEY HIGHLIGHTS
  • गत 8 जून 2020 को मलाड स्थित एक बहुमंजिला इमारत से नीचे गिर गई थीं दिशा सालियान
  • मुंबई पुलिस ने मामले की जांच एक हादसा मानकर की, किसी को आरोपी नहीं बनाया गया
  • महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि मामले की जांच के लिए बनेगी SIT

Disha Salian death Case : दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत की दोबारा जांच की बात सामने आने के बाद एक्टर के पिता केके सिंह ने बयान दिया है। सुशांत के पिता ने शुक्रवार को कहा कि यह बहुत पहले होना चाहिए था लेकिन सरकार दूसरी थी इसलिए नहीं किया गया। यह फैसला सही है। पिछली सरकार में जांच सही से इसलिए नहीं हुई क्योंकि उनके लोग मामले में शामिल थे। उन्होंने कहा कि जैसा खबरों में देखा उसमें आदित्य ठाकरे का नाम आ रहा था। सच्चाई का पता SIT की जांच में लगेगा। आदित्य ठाकरे का नार्को टेस्ट होना चाहिए।

फड़णवीस ने कहा है-SIT करेगी जांच

बता दें कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एवं राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि दिशा की मौत की जांच के लिए एक एसआईटी गठित की जाएगी। एकनाथ शिंदे गुट एवं भाजपा के विधायकों ने दिशा की मौत का मामला विधानसभा में उठाया था। बाद में भाजपा विधायक नितेश राणे ने पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे का नार्को टेस्ट कराए जाने की मांग की। सदन के बाहर दिशा मौत मामले में पत्रकारों ने आदित्य से जब सवाल किया तो उन्होंने कहा कि यह सब 'घोटालेबाज मुख्यमंत्री को बचाने' के लिए किया जा रहा है। बता दें कि नागपुर इन्वेटस्टमेंट ट्रस्ट की जमीन मामले में विपक्ष सीएम शिंदे पर हमलावर है।

आदित्य ठाकरे ने दी प्रतिक्रिया

आदित्य ने कहा, 'हमारी राजनीति इतना नीचे नहीं गिरी थी। नेता अपनी सियासत चमकाने के लिए एक मृत लड़की का इस्तेमाल कर रहे हैं। दिशा के माता-पिता ने अपनी बेटी की मौत के बाद उसका नाम उछाले जाने पर रोक लगाने के लिए राष्ट्रपति से गुहार लगाई थी लेकिन सत्तारूढ़ पार्टियां इसका सम्मान नहीं कर रही हैं। यह तानाशाह सरकार है। यह सब कुछ इसलिए हो रहा है क्योंकि वे डरे हुए हैं।'

बहुमंजिला इमारत से गिरी थीं दिशा

गत आठ जून 2020 को सालियान (28) की मौत हो गई। वह मलाड स्थित एक बहुमंजिला इमारत की 14वीं फ्लोर से नीचे गिर गईं। दिशा वाली घटना के छह दिन बाद 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत की मौत हुई। एसआईटी जांच की घोषणा करते हुए फड़णवीस ने कहा कि सालियान का मौत मामला कभी भी सीबीआई के पास नहीं भेजा गया। इस मामले में मुंबई पुलिस ने कभी क्लोजर रिपोर्ट दाखिल नहीं की। फड़णवीस ने कहा, 'यह केस मुंबई पुलिस के पास है। इस मामले में यदि किसी के पास कोई सबूत है तो उसे सामने आना चाहिए।' वहीं, विपक्ष के नेता अजित पवार ने कहा कि राजनीतिक बदला लेने के लिए सरकार को इस तरह की हरकतों से बचना चाहिए।

सालियान की मौत पर कई तरह की बातें

सालियान की मौत मामले में रिपोर्टों में कई तरह की बातें सामने आ चुकी हैं। कुछ रिपोर्टों में कहा गया कि पार्टी के बाद कुछ लोगों ने दिशा के साथ बुरा व्यवहार किया। विरोध करने पर उसे 14वीं मंजिल से फेंक दिया गया। यह भी कहा गया कि इस घटना में शामिल लोग राजनीतिक रसूख वाले थे। हालांकि, मुंबई पुलिस ने दिशा की मौत की जांच दुर्घटना मानकर की है और किसी को आरोपी नहीं बनाया है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article