पटना

Bihar SIR Controversy: राज्य में वोटर लिस्ट से तीन लाख लोगों के नाम और हटेंगे! चुनाव आयोग भेजेगा नोटिस

बिहार में चल रहे SIR के दौरान, वोटर लिस्ट से 3 लाख और मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं। ये मतदाता अब तक अपनी पहचान सत्यापित करने के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं कर पाए हैं। बता दें कि इस साल के अंत में राज्य में विधानसभा चुनाव होने तय हैं।

Image

बिहार में 3 लाख और मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कट सकते हैं

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव (Assembly Election 2025) होने हैं। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले, चुनाव आयोग ने 3 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटने की चेतावनी दी है। ये मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं कर पाए हैं।

आयोग ने इन मतदाताओं को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें उन्हें अपनी नागरिकता की पहचान स्थापित करने के लिए कहा जाएगा। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं, तो उनके नाम फाइनल वोटर लिस्ट में शामिल नहीं किए जाएंगे, जिससे वे आगामी विधानसभा चुनाव में वोट नहीं डाल सकेंगे।

इससे पहले, आयोग ने बिहार में लगभग 65 लाख मृत, डुप्लीकेट और अन्य स्थानों पर शिफ्ट हुए मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए थे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जिन मतदाताओं ने दावा-आपत्ति के दौरान दस्तावेज नहीं जमा किए हैं, उनमें से अधिकांश सीमावर्ती जिलों से हैं, जैसे किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, सहरसा, मधुबनी, और पश्चिमी चंपारण। इन जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी और डीएम की निगरानी में नोटिस भेजा जाएगा।

इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर चुनाव आयोग ने सभी 65 लाख छूटे हुए मतदाताओं के नाम और कारण सभी बूथों, प्रखंड, और जिला कार्यालयों पर प्रकाशित किए हैं। शीर्ष अदालत के निर्देश पर, राज्य में आधार पंजीकरण को भी आवश्यक दस्तावेजों में शामिल किया गया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article