पटना

पटना में दिखा दिल्ली कोचिंग हादसे का असर, कई संस्थानों पर SDO ने मारा छापा

पटना में एसडीओ की टीम ने कई कोचिंग संस्थानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई दिल्ली कोचिंग हादसा से सबक लेकर की गई है। इसके तहत कई सारे संस्थानों का निरीक्षण किया गया।

Image

पटना फाइल फोटो।

Photo : iStock

Patna News: दिल्ली में आईएएस कोचिंग सेंटर हादसे का असर पटना में दिखने लगा है। पटना प्रशासन अवैध तरीके से चल रहे कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई कर रहा है। बिहार के पटना में कोचिंग संस्थानों पर एसडीओ टीम ने छापा मारा है। बता दें कि दिल्ली में कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भरने से तीन छात्रों की मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है।

कई कोचिंग संस्थानों पर छापा

एसडीओ की टीम मंगलवार को मछुआ टोली खजांची रोड स्थित कई कोचिंग संस्थानो पर छापेमारी करने के लिए पहुंची। यह इलाका कोचिंग का हब माना जाता है। बताया जा रहा है कि एसडीओ की टीम दिल्ली की तर्ज पर कोचिंग संस्थानों की व्यवस्था की जांच के लिए पहुंची थी। इस छापेमारी की कार्रवाई में एसडीओ की टीम को क्या हाथ लगा है, इसका खुलासा नहीं हुआ है।

दृष्टि ने जारी किया बयान

बता दें कि दिल्ली बेसमेंट हादसे के बाद दृष्टि आईएएस कोचिंग समेत कई कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, राजधानी के मुखर्जी नगर स्थित दृष्टि समेत कई कोचिंग संस्थानों के बेसमेंट में क्लास चलाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन पर कार्रवाई की गई। हालांकि, बाद में दृष्टि आईएएस की तरफ से अपना पक्ष रखा गया। एक प्रेस नोट जारी कर कोचिंग की तरफ से दुर्भाग्यपूर्ण घटना में छात्रों की असमय और दर्दनाक मृत्यु पर संवेदना व्यक्त की गई। साथ ही छात्रों की सुरक्षा के प्रति अधिक सतर्क रहने का भरोसा भी दिया गया।

अन्य राज्यों में भी दिखने लगा असर

उधर, दिल्ली की इस घटना के बाद अन्य राज्य भी सक्रिय नजर आ रहे हैं। राजस्थान के जयपुर में भी कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जयपुर ग्रेटर नगर निगम के महापौर सौम्या गुर्जर ने वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि दिल्ली के राजेंद्र नगर की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि इस घटना को ध्यान में रखते हुए हमने जयपुर नगर निगम के क्षेत्र के अंदर संचालित कोचिंग और लाइब्रेरी को लेकर एक टीम गठित कर दी है। इसमें नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था हमारी प्राथमिकता है। भविष्य में ऐसी कोई भी घटना न हो, नगर निगम ये सुनिश्चित करेगा।

इनपुट-आईएएनएस

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article