Indian Railway: घने कोहरे के कारण पिछले एक महीने से ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ट्रेनें लगातार रद्द की जा रहीं हैं। एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों के बाद अब पैसेंजर ट्रेनों का भी परिचालन रद्द किया जा रहा है। गुरुवार से महत्वपूर्ण चार पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है। यह ट्रेनें 28 फरवरी तक नहीं चलेंगी।
इन ट्रेनों में ट्रेन नंबर 03649 बक्सर-बनारस स्पेशल ट्रेन, ट्रेन नंबर 03650 बनारस-बक्सर स्पेशल, ट्रेन नंबर 03360 वाराणसी-बरकाकाना स्पेशल, ट्रेन नंबर 03359 बरकाकाना-वाराणसी स्पेशल ट्रेन शामिल हैं। पूर्व मध्य रेलवे की ओर से यह सूचना जारी कर दी गई है।
गुरुवार को यह ट्रेनें प्रभावित
पटना स्थित राजेंद्र नगर टर्मिनल से नई दिल्ली को रवाना होने वाली ट्रेन नंबर 12310 री-शिड्यूल कर दी गई है। यह ट्रेन 8.05 घंटे देर से रवाना होगी। ट्रेन शाम 5.10 बजे की जगह रात 1.15 बजे रवाना होगी। ट्रेन नंबर 13006 अमृतसर-हावड़ा 6 घंटे देर से चल रही है। पुरानी दिल्ली स्टेशन से पटना आ रही ट्रेन नंबर 15484 दिल्ली-अलीपुरद्वार भी पांच घंटे की देरी से चल रही है। यह ट्रेन पटना जंक्शन पर गुरुवार की रात 12:40 बजे आने की जगह शुक्रवार की सुबह 8.01 मिनट पर पहुंच सकती है। नई दिल्ली से पटना जंक्शन आ रही 12394 संपूर्ण क्रांति ट्रेन 11 घंटे की देरी से चल रही है। यह ट्रेन गुरुवार की शाम 6.35 बजे की जगह रात 12:09 बजे पहुंचने की संभावना है।
3.30 घंटे लेट चल रही आनंद विहार-भागलपुर एक्सप्रेस
आनंद विहार से रवाना होकर पटना होते हुए भागलपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 12368 आनंद विहार-भागलपुर एक्सप्रेस 3.30 घंटे की देरी से चल रही है। इधर, फ्लाइट का परिचालन भी काफी प्रभावित हो रहा है। कई फ्लाइट घंटों देरी से चल टेकऑफ और लैंड कर रही है।
अभी कम नहीं होगा कोहरा
पटना एवं इसके आसपास के क्षेत्र में अभी कोहरे का छाना कम नहीं होगा। अगले तीन दिनों तक सुबह और शाम में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। गुरुवार को पटना का न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान आर्द्रता 86 प्रतिशत रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 21 डिग्री रहने के आसार हैं। शनिवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री रहेगा। रविवार को न्यूनतम तापमान घटकर 8 डिग्री पहुंच जाएगा। अधिकतम तापमान 20 डिग्री रहने के आसार हैं। सोमवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री रहने की उम्मीद है।
