Severe Heat in Patna: पछुआ हवा की मजबूत स्थिति के कारण पटना समेत पूरे सूबे के तापमान में अधिक वृद्धि हो रही है। पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और आर्द्रता 36 प्रतिशत है। 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। बुधवार को इस सीजन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान था। इस दिन 33.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ है।
वहीं, 22 फरवरी 2022 को शहर का अधिकतम तापमान 25 डिग्री ही था। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय नहीं होने की वजह से फरवरी में तापमान में सामान्य से अधिक बढ़ोतरी हो रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ समय के लिए बर्फबारी को छोड़ दिया जाए तो शेष क्षेत्र सूखा ही रहा है। अगले पांच दिनों तक राजधानी समेत पूरे सूबे का मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
